Breaking News :

लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ पर FBI ने रखा 50 हजार डॉलर का इनाम

Hq720
Published On: July 8, 2026

चंडीगढ़, 8 जुलाई

अमेरिका की संघीय जांच एजेंसी (FBI) ने गैंगस्टर सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ की गिरफ्तारी में मददगार सूचना देने वाले के लिए 50,000 डॉलर के इनाम की घोषणा की है। एजेंसी ने गोल्डी बराड़ को अपनी ‘मोस्ट वांटेड’ भगोड़ा सूची में भी शामिल कर लिया है। यह कार्रवाई ऐसे समय में सामने आई है, जब गोल्डी बराड़ और जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई पर वर्ष 2023 में कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के सरे शहर में खालिस्तानी अलगाववादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या की साजिश रचने के आरोप लगाए गए हैं।

FBI ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी पोस्ट में कहा कि गोल्डी बराड़ की गिरफ्तारी में सहायक सूचना देने वाले को 50,000 डॉलर तक का इनाम दिया जाएगा। एजेंसी के अनुसार, वह लॉरेंस बिश्नोई संगठित अपराध गिरोह का सक्रिय सदस्य है, जो अमेरिका और कनाडा में हत्या, रंगदारी, मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य हिंसक अपराधों में कथित रूप से शामिल रहा है।

गोल्डी बराड़ पहले से ही भारत की राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) और पंजाब पुलिस की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल है। उस पर पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या का भी प्रमुख आरोपी होने का आरोप है और भारतीय एजेंसियां पहले ही उसके खिलाफ नकद इनाम घोषित कर चुकी हैं।

FBI के अनुसार, 1 जुलाई को कैलिफोर्निया के लॉस एंजिलिस स्थित अमेरिकी जिला अदालत ने गोल्डी बराड़ के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया। उस पर रैकेटियरिंग (RICO) साजिश, रंगदारी के जरिए व्यापार में बाधा पहुंचाने की साजिश तथा नियंत्रित मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े गंभीर आरोप लगाए गए हैं। जांच एजेंसी का कहना है कि गोल्डी बराड़ के अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य के सैक्रामेंटो और फ्रेस्नो शहरों के अलावा कनाडा, भारत और मेक्सिको से भी संबंध रहे हैं।

FBI की यह कार्रवाई हाल ही में चलाए गए ‘ऑपरेशन हार्ड बॉल’ के बाद सामने आई है। अमेरिका, कनाडा और यूरोप की कानून प्रवर्तन एजेंसियों के संयुक्त अभियान के तहत भारत से संचालित तीन संगठित अपराध सिंडिकेट से जुड़े 37 आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किए गए, जबकि 24 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

जांच एजेंसियों का आरोप है कि लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ ने 18 जून 2023 को कनाडा के सरे स्थित एक सिख गुरुद्वारे के बाहर हरदीप सिंह निज्जर की हत्या की साजिश रची थी। इस घटना के बाद भारत और कनाडा के संबंधों में तनाव बढ़ गया था। कनाडा ने भारतीय एजेंसियों पर गंभीर आरोप लगाए थे, जिन्हें भारत सरकार लगातार खारिज करती रही है।

FBI के आरोपपत्र में गोल्डी बराड़ को बिश्नोई गिरोह के उत्तर अमेरिकी नेटवर्क का प्रमुख बताया गया है। उस पर लॉस एंजिलिस और थाउजेंड ओक्स में रंगदारी से जुड़े मामलों के अलावा वर्ष 2023 में वैंकूवर में एक भारतीय अभिनेता-गायक के घर पर हुई गोलीबारी से जुड़े आरोप भी लगाए गए हैं।

फिलहाल गोल्डी बराड़ फरार है। FBI के अनुसार, इस मामले में जिन 10 आरोपियों की तलाश की जा रही है, उनमें गोल्डी बराड़ भी शामिल है। इनमें से सात आरोपी अमेरिका में वांछित बताए गए हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए विभिन्न एजेंसियां संयुक्त रूप से कार्रवाई कर रही हैं।

Logo