चंडीगढ़, 13 जुलाई
भारत-अमेरिका ट्रेड डील और पंजाब सरकार की लैंड पूलिंग नीति के विरोध में भारतीय किसान यूनियन (राजेवाल) ने सोमवार को चंडीगढ़ में बाइक रैली निकाली। रैली की शुरुआत मोहाली से हुई, जिसमें पंजाब के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए। प्रदर्शन के चलते चंडीगढ़ और मोहाली के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित रहा और लोगों को ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ा।
रैली को देखते हुए चंडीगढ़ और मोहाली पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। प्रशासन की ओर से सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक शहर के कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन और आंशिक प्रतिबंध लागू किए गए हैं। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से प्रभावित मार्गों पर जाने से बचने और यात्रा से पहले वैकल्पिक रास्तों की योजना बनाने की अपील की है।
भारतीय किसान यूनियन (राजेवाल) के अध्यक्ष बलबीर सिंह राजेवाल ने बताया कि बाइक रैली की शुरुआत मोहाली स्थित नेचर पार्क से हुई। इसके बाद किसान निर्धारित मार्गों से होते हुए चंडीगढ़ के सेक्टर-34 ग्राउंड पहुंचे, जहां प्रशासन को अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा जाएगा। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित किया जा रहा है।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार सेक्टर-51/52 लाइट प्वाइंट, आईएसबीटी-43 चौक, साउथ एंड चौक, पिकाडिली चौक, अरोमा लाइट प्वाइंट, किसान भवन चौक, गुरुद्वारा चौक, सेक्टर-20/21-33/34 चौक, गोशाला चौक, सेक्टर-50/51 चौक से मोहाली बैरियर तथा सेक्टर-45/46-49/50 चौक सहित कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित रहा। स्थिति के अनुसार वाहनों को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया गया।
पुलिस ने नागरिकों से ट्रैफिक कर्मियों के निर्देशों का पालन करने और यात्रा से पहले चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जारी रियल-टाइम ट्रैफिक अपडेट देखने की सलाह दी है। प्रशासन ने लोगों से केवल आवश्यक होने पर ही इन मार्गों का उपयोग करने और जहां संभव हो वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेने की अपील की है।