नई दिल्ली, 22 मई:
देश की राजनीति में एक बार फिर हलचल पैदा हो गई है। चुनाव आयोग ने शुक्रवार को 10 राज्यों की 24 राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया। जानकारी के अनुसार, ये चुनाव 18 जून 2026 को कराए जाएंगे। आयोग की घोषणा के बाद संबंधित राज्यों में सियासी गतिविधियां अपने चरम पर पहुंच गई हैं।
उन राज्यों में चुनाव होना तय है जिनमें आंध्र प्रदेश, गुजरात, मध्य प्रदेश, झारखंड, राजस्थान, कर्नाटक, मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम शामिल हैं। इनमें आंध्र प्रदेश, गुजरात और कर्नाटक में चार-चार सीटें खाली हो रही हैं, जबकि मध्य प्रदेश और राजस्थान में तीन-तीन सीटों पर चुनाव होंगे। झारखंड में दो सीटों और मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम में एक-एक सीट पर मतदान कराया जाएगा।
राज्यसभा से कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, दिग्विजय सिंह और पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवोगौड़ा जैसे वरिष्ठ नेता सेवानिवृत्त हो रहे हैं। राजस्थान से राजेंद्र गहलोत, नीरज डांगी और रवनीत सिंह की सीटें भी खाली होंगी। निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार, 1 जून को अधिसूचना जारी की जाएगी, उम्मीदवार 8 जून तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे, 9 जून को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 11 जून तक नाम वापस लेने की अंतिम तारीख होगी।
चुनाव आयोग ने मतदान प्रक्रिया को लेकर भी विशेष निर्देश जारी किए हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि मतदान के दौरान केवल रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा उपलब्ध कराए गए बैंगनी रंग के विशेष स्केच पेन का ही उपयोग होगा और किसी अन्य पेन की अनुमति नहीं होगी। निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान सुनिश्चित करने के लिए पर्यवेक्षकों की नियुक्ति भी की जाएगी।