Breaking News :

मूसलाधार बारिश के बीच बड़ा हादसा… आगरा के सुभाष बाजार में ढही कपड़े की दुकान

Images
Published On: July 8, 2026

आगरा, 8 जुलाई

आगरा में लगातार हो रही बारिश के बीच मंगलवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। थाना मंटोला क्षेत्र स्थित सुभाष बाजार में एक कपड़े की दुकान अचानक भरभराकर ढह गई। हादसे के समय दुकान के अंदर और बाहर मौजूद कई लोग मलबे में दब गए। स्थानीय लोगों की मदद से चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि एक महिला की तलाश देर तक जारी रही।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, नगर निगम और अन्य राहत एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया, जबकि आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग भी मलबा हटाने में जुट गए। हादसे के बाद पूरे बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और राहत कार्यों की निगरानी की। नगर निगम की टीम भी मौके पर मौजूद रही। मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए दमकल विभाग की मल्टी डिजास्टर रिस्पांस व्हीकल को भी बुलाया गया, जिसकी सहायता से बचाव अभियान चलाया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार केदार नगर निवासी दिलीप की सुभाष बाजार में ‘राधा स्वामी क्लॉथ स्टोर’ के नाम से कपड़ों की दुकान है। मंगलवार दोपहर करीब 2:15 बजे वह दुकान के बाहर बैठे हुए थे, जबकि कर्मचारी अंदर काम कर रहे थे। इसी दौरान तेज बारिश के बीच दुकान अचानक ढह गई और वहां मौजूद लोग मलबे में दब गए। स्थानीय दुकानदारों और अन्य लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए चार लोगों को बाहर निकाल लिया।

हादसे के समय महिला सिपाही अनीता अपनी मां गंगा देवी और बेटी के साथ खरीदारी करने दुकान पर आई थीं। तीनों मलबे में दब गईं। राहत कार्य के दौरान अनीता और उनकी बेटी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन उनकी मां गंगा देवी का देर तक कोई सुराग नहीं मिल सका। प्रशासन और बचाव दल लगातार मलबा हटाकर उनकी तलाश में जुटे रहे।

Logo