चंडीगढ़, 28 मई
पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी की मार झेल रहे पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के लोगों को गुरुवार सुबह मौसम ने राहत की सांस दी। सुबह से आसमान में घने बादल छाए रहे और कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। लेकिन मौसम विभाग की ताजा चेतावनी ने लोगों की चिंता भी बढ़ा दी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शुक्रवार के लिए कई जिलों में रेड अलर्ट जारी करते हुए तेज आंधी, भारी बारिश, ओलावृष्टि और तूफान की आशंका जताई है।
गुरुवार सुबह चंडीगढ़ का तापमान अचानक गिरकर 32 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जबकि बुधवार को यही तापमान 43.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। मौसम विभाग के अनुसार दिनभर बारिश की लगभग 50 प्रतिशत संभावना बनी हुई है। विभाग का कहना है कि रात के तापमान में अचानक बढ़ोतरी और वातावरण में बढ़ी नमी आने वाले तूफानी मौसम का संकेत दे रही है।
चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले दिन की तुलना में 3.1 डिग्री ज्यादा रहा। वहीं हरियाणा के चरखी दादरी में रात का तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि पंजाब के बठिंडा में न्यूनतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बुधवार इस सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन साबित हुआ। पंजाब के फरीदकोट में पारा 46.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि हरियाणा के रोहतक में अधिकतम तापमान 46.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। चंडीगढ़ भी भीषण गर्मी की चपेट में रहा, जहां तापमान 43.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
IMD के विशेष बुलेटिन के मुताबिक शुक्रवार को मौसम सबसे ज्यादा खतरनाक रूप ले सकता है। विभाग ने पंजाब और हरियाणा के कई इलाकों में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने और कुछ स्थानों पर हवा की गति 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की चेतावनी दी है। इसके साथ ही गरज-चमक, ओलावृष्टि और भारी बारिश की भी संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने पंजाब के गुरदासपुर और पठानकोट के साथ-साथ हरियाणा के अंबाला और यमुनानगर जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और जरूरी न हो तो घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी है।