बलूचिस्तान, 3 जुलाई
पाकिस्तान के बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा (केपी) की सीमा पर शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे में कम से कम 40 लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य घायल हो गए। पेशावर जा रही एक यात्री बस अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई, जिससे घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
अधिकारियों के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब बस बलूचिस्तान के शेरानी जिले के दाना सर क्षेत्र से गुजरते हुए खैबर पख्तूनख्वा के डेरा इस्माइल खान जिले की सीमा में प्रवेश कर रही थी। इसी दौरान पहाड़ी मार्ग पर बस का संतुलन बिगड़ गया और वह गहरी खाई में जा गिरी।
बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री के मीडिया एवं राजनीतिक मामलों के सलाहकार शाहिद रिंद ने बताया कि शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार हादसे में 40 लोगों की मौत हुई है, जबकि आठ यात्री घायल हुए हैं। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
शेरानी के डिप्टी कमिश्नर वली खान काकर ने बताया कि बस क्वेटा से 36 यात्रियों को लेकर रवाना हुई थी। हालांकि रास्ते में एक दूसरी खराब हो चुकी बस के कुछ यात्रियों को भी इसमें बैठा लिया गया था। वहीं, खैबर पख्तूनख्वा की रेस्क्यू 1122 सेवा के अनुसार दुर्घटना के समय बस में कुल 48 यात्री सवार थे।
मुख्यमंत्री सरफराज बुगती के निर्देश पर हादसे के तुरंत बाद बड़े स्तर पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा, दोनों प्रांतों के जिला प्रशासन, रेस्क्यू टीमों और अन्य संबंधित विभागों ने संयुक्त रूप से बचाव कार्य चलाया। बचाव दल ने खाई से मृतकों के शव निकाले और घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
बलूचिस्तान सरकार ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं, ताकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। सरकार ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया है।
प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि पहाड़ी मार्ग पर बस का संतुलन बिगड़ने के कारण यह हादसा हुआ। हालांकि दुर्घटना की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।