नोएडा, 15 जुलाई
उत्तर प्रदेश के नोएडा में मंगलवार को एक बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। फेज-3 थाना क्षेत्र के ममूरा गांव स्थित एक इमारत में लगी आग की चपेट में आने से एक महिला और एक पुरुष की मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह चार्जिंग पर लगी इलेक्ट्रिक स्कूटी की बैटरी से निकली चिंगारी को माना जा रहा है, जिसने देखते ही देखते आसपास खड़े पेट्रोल वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया।
घटना के समय इमारत में करीब 50 परिवार मौजूद थे। आग और घने धुएं के फैलते ही पूरे भवन में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग और स्थानीय पुलिस की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और बड़े स्तर पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। दमकल कर्मियों ने भवन में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला और कई दमकल वाहनों की मदद से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
पुलिस के अनुसार थाना फेस-3 क्षेत्र की गली नंबर-2 स्थित ममूरा में इलेक्ट्रिक वाहन की बैटरी चार्जिंग के दौरान स्पार्क हुआ, जिससे पास में खड़े पेट्रोल वाहन आग की चपेट में आ गए। घटना की सूचना मिलते ही फायर सर्विस की सात दमकल गाड़ियां, हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म, मुख्य अग्निशमन अधिकारी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। रेस्क्यू अभियान के दौरान धुएं की चपेट में आने से दो लोगों की तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें तत्काल एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया। वहां चिकित्सकों ने एक महिला और एक पुरुष को मृत घोषित कर दिया।
हादसे की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लिया और अधिकारियों को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और राहत कार्यों की लगातार निगरानी सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। साथ ही प्रशासन को हर स्तर पर सतर्कता बरतने के लिए कहा गया है।
फिलहाल पुलिस और अग्निशमन विभाग पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रहे हैं। मृतकों की पहचान, आग से हुए नुकसान का आकलन और हादसे के सभी कारणों की पड़ताल की जा रही है।