नई दिल्ली, 30 जुलाई
देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों की घोषित संपत्ति को लेकर एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) और नेशनल इलेक्शन वॉच की ताजा रिपोर्ट में कई दिलचस्प तथ्य सामने आए हैं। चुनावी हलफनामों के विश्लेषण पर आधारित इस रिपोर्ट के अनुसार, कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार देश के सबसे अमीर मुख्यमंत्री हैं, जबकि जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला सबसे कम संपत्ति वाले मुख्यमंत्री हैं। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी इस सूची में दूसरे सबसे कम संपत्ति वाले मुख्यमंत्री हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने अपनी कुल घोषित संपत्ति 55.24 लाख रुपये बताई है। उनके बाद पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का स्थान है, जिनकी घोषित संपत्ति 85.87 लाख रुपये है। इसमें 24.57 लाख रुपये की चल संपत्ति और 61.30 लाख रुपये की अचल संपत्ति शामिल है। इस सूची में तीसरे स्थान पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा हैं, जिन्होंने अपनी कुल संपत्ति 1.03 करोड़ रुपये से अधिक घोषित की है।
वहीं, कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार 1,413 करोड़ रुपये से अधिक की घोषित संपत्ति के साथ देश के सबसे अमीर मुख्यमंत्री हैं। रिपोर्ट के अनुसार, देश के 31 मुख्यमंत्रियों में से चार ऐसे हैं जिनकी घोषित संपत्ति 100 करोड़ रुपये से अधिक है।
एडीआर की रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि देश के 31 मुख्यमंत्रियों की औसत घोषित संपत्ति 118.07 करोड़ रुपये है। ऐसे में शुभेंदु अधिकारी और उमर अब्दुल्ला जैसे मुख्यमंत्रियों की घोषित संपत्ति इस औसत से काफी कम है। रिपोर्ट चुनाव आयोग में जमा किए गए चुनावी शपथपत्रों के आधार पर तैयार की गई है।
रिपोर्ट में मुख्यमंत्रियों के खिलाफ दर्ज आपराधिक मामलों का भी उल्लेख किया गया है। इसके अनुसार, 31 में से 14 मुख्यमंत्रियों यानी लगभग 45 प्रतिशत ने अपने चुनावी हलफनामों में अपने खिलाफ आपराधिक मामलों की जानकारी दी है। इनमें 11 मुख्यमंत्री ऐसे हैं, जिन पर गंभीर आपराधिक मामलों का भी उल्लेख किया गया है। एडीआर ने स्पष्ट किया है कि यह सभी आंकड़े संबंधित नेताओं द्वारा चुनाव आयोग में दाखिल किए गए शपथपत्रों पर आधारित हैं।