मुंबई, 27 जुलाई
‘कांतारा’ और ‘कांतारा: चैप्टर 1’ जैसी सुपरहिट फिल्मों से अपनी अलग पहचान बनाने वाले दक्षिण भारतीय अभिनेता ऋषभ शेट्टी अब बॉलीवुड में कदम रखने जा रहे हैं। उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘द प्राइड ऑफ भारत: छत्रपति शिवाजी महाराज’ लगातार चर्चा में बनी हुई है। इस बीच फिल्म को लेकर एक नया और बड़ा अपडेट सामने आया है। बॉलीवुड अभिनेत्री भूमि पेडनेकर भी इस ऐतिहासिक फिल्म का हिस्सा बन गई हैं।
फिल्म के निर्माताओं ने भूमि पेडनेकर की आधिकारिक एंट्री की घोषणा की। फिल्म में वह वीरांगना बेलवाड़ी मल्लम्मा का किरदार निभाती नजर आएंगी। मल्लम्मा को इतिहास में उनकी अदम्य वीरता, साहस और अटूट जज्बे के लिए याद किया जाता है। वहीं ऋषभ शेट्टी फिल्म में छत्रपति शिवाजी महाराज की भूमिका निभाएंगे।
इतिहास के अनुसार बेलवाड़ी मल्लम्मा ने देश की पहली महिला सैनिक टुकड़ी का गठन किया था और ऐसा करने वाली वह पहली रानी मानी जाती हैं। यह भी कहा जाता है कि उन्होंने अपने मात्र चार महीने के बेटे को गोद में लेकर छत्रपति शिवाजी महाराज की सेना के खिलाफ युद्ध लड़ा था, जिससे उनकी वीरता की गाथा आज भी याद की जाती है।
फिल्म के संगीत की जिम्मेदारी राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता संगीतकार अमित त्रिवेदी को सौंपी गई है, जबकि गीत प्रसिद्ध गीतकार प्रसून जोशी लिखेंगे। फिल्म की कहानी ऋषि विरमानी ने लिखी है और इसे दो भागों में सिनेमाघरों में रिलीज करने की योजना बनाई गई है। निर्माताओं को उम्मीद है कि फिल्म की शूटिंग इसी साल शुरू हो जाएगी।