वाराणसी, 20 जून
वाराणसी में अक्तूबर के अंतिम सप्ताह में प्रस्तावित भव्य एयर शो को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए भारतीय वायुसेना और जिला प्रशासन मिलकर व्यापक योजना पर काम कर रहे हैं। अनुमान है कि करीब 20 लाख लोग इस रोमांचक एयर शो के साक्षी बनेंगे।
प्रशासन के अनुसार एयर शो के दौरान गंगा किनारे का दृश्य देव दिवाली जैसा भव्य होगा। नमो घाट से अस्सी घाट तक के 90 घाटों पर बड़ी संख्या में दर्शकों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है, जबकि गंगा पार रेती क्षेत्र में भी लोगों के लिए विशेष इंतज़ाम होंगे। अस्सी घाट पर करीब 30 हजार लोगों के जुटने की संभावना है, वहीं हर घाट पर 10 से 20 हजार लोगों की भीड़ देखी जा सकती है। नमो घाट पर लगभग ढाई हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी, जिसमें विशिष्ट अतिथियों के लिए अलग से विशेष मंच तैयार किया जाएगा।
वायुसेना ने जिला प्रशासन को अवगत कराया है कि वाराणसी के साथ-साथ चंदौली, जौनपुर, मिर्जापुर सहित आसपास के जिलों से भी भारी संख्या में लोग इस आयोजन को देखने पहुंच सकते हैं। प्रधानमंत्री, रक्षा मंत्री और तीनों सेनाओं के प्रमुखों सहित कई बड़ी हस्तियों के शामिल होने की संभावना जताई गई है, जिनके लिए नमो घाट पर विशेष वीआईपी मंच तैयार किया जा रहा है।
आम जनता के लिए भी व्यापक व्यवस्था की जा रही है, जिसके तहत नमो घाट से अस्सी घाट तक के क्षेत्र में छह लाख से अधिक लोगों के बैठने की क्षमता विकसित की जा रही है। इसके अलावा दो हजार लोगों की क्षमता वाला एक अतिरिक्त मंच भी बनाया जाएगा। गंगा पार रेती क्षेत्र में बैरिकेडिंग कर दर्शकों के बैठने की व्यवस्था होगी, जबकि घाटों के सामने स्थित भवनों और होटलों की छतों को भी दर्शक क्षेत्र के रूप में उपयोग किया जाएगा।
एयर शो के दौरान सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती होगा। इसके लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी अभी से विस्तृत रणनीति तैयार कर रहे हैं। आयोजन के दौरान गंगा में एक घंटे पहले और एक घंटे बाद तक ‘नो-बोट ज़ोन’ लागू रहेगा, जिससे किसी भी प्रकार की नावों की आवाजाही पर रोक रहेगी।
वहीं 20 अक्टूबर से भारतीय वायुसेना की सूर्य किरण एरोबेटिक टीम के विमान वाराणसी पहुंचने लगेंगे। इन विमानों के पार्किंग और ईंधन की पूरी व्यवस्था एयरपोर्ट प्रशासन करेगा। टीम पांच दिनों तक अभ्यास करेगी, जिसके बाद काशी का आसमान वायुसेना के हैरतअंगेज और रोमांचक करतबों का गवाह बनेगा।