दुबई, 22 जून
कतर के रास लफ्फान औद्योगिक क्षेत्र में स्थित प्रमुख प्राकृतिक गैस निर्यात टर्मिनल में देर रात एक भीषण विस्फोट होने की खबर सामने आई है, जिसमें कम से कम 54 लोग घायल हो गए और 18 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। यह घटना बारजान संयंत्र में स्थित टर्मिनल को दोबारा परिचालन में लाने की प्रक्रिया के दौरान हुई बताई जा रही है।
रास लफ्फान को कतर के प्राकृतिक गैस निर्यात का सबसे बड़ा और रणनीतिक केंद्र माना जाता है। जानकारी के अनुसार हाल के तनाव और युद्ध जैसे हालात के दौरान इस क्षेत्र को नुकसान पहुंचा था, जिसके चलते यह टर्मिनल कई हफ्तों तक बंद रहा। मरम्मत और तकनीकी जांच के बाद जब रविवार रात इसे फिर से शुरू करने की प्रक्रिया चल रही थी, तभी अचानक जोरदार धमाका हुआ जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
कतर के गृह मंत्रालय ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया है कि राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी हैं तथा लापता 18 लोगों की तलाश की जा रही है। मंत्रालय ने पहले शुरुआती बयान में कम संख्या में घायलों की बात कही थी, जिसे बाद में बढ़ाकर 54 बताया गया। सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है और उनकी स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है।