Breaking News :

ऑस्ट्रेलिया का फिर चला विश्व विजेता वाला जादू… इंग्लैंड को हराकर सातवीं बार जीता महिला टी20 विश्व कप

Images
Published On: July 6, 2026

लंदन, 5 जुलाई

महिला टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने एक बार फिर अपना दबदबा साबित करते हुए इंग्लैंड को सात विकेट से हराकर रिकॉर्ड सातवीं बार खिताब अपने नाम कर लिया। गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन के बाद बेथ मूनी के शानदार अर्धशतक और फोएबे लिचफील्ड के बेहतरीन योगदान की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने 151 रन का लक्ष्य 17.1 ओवर में तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया।

टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को 20 ओवर में चार विकेट पर 150 रन तक सीमित रखा। जवाब में ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही और जॉर्जिया वॉल केवल नौ रन बनाकर आउट हो गईं। इसके बाद बेथ मूनी और फोएबे लिचफील्ड ने दूसरे विकेट के लिए 100 रन की शानदार साझेदारी कर टीम को जीत की मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। यह महिला टी20 विश्व कप फाइनल के इतिहास की तीसरी सबसे बड़ी साझेदारी भी रही।

बेथ मूनी ने 49 गेंदों में 10 चौकों की मदद से 64 रन की शानदार पारी खेली, जबकि फोएबे लिचफील्ड ने 35 गेंदों में छह चौके और दो छक्कों की सहायता से 48 रन बनाए। टूर्नामेंट में मूनी ने सात पारियों में 238 रन बनाकर सबसे अधिक रन बनाने वालों की सूची में दूसरा स्थान हासिल किया। उनका बल्लेबाजी औसत 59.50 रहा और वह तीन बार नाबाद लौटीं।

मैच के अंतिम चरण में एलिस पेरी को जीवनदान भी मिला। लिंसे स्मिथ की गेंद पर सोफी एक्लेस्टोन ने कैच लपका, लेकिन रिप्ले में गेंद के जमीन छूने की पुष्टि होने पर तीसरे अंपायर ने फैसला पलट दिया। दिलचस्प बात यह रही कि पेरी पवेलियन की ओर लौट चुकी थीं, लेकिन नॉटआउट दिए जाने के बाद वापस क्रीज पर आईं। पेरी 13 और एश्ले गार्डनर तीन रन बनाकर नाबाद रहीं। इंग्लैंड की ओर से चार्ली डीन, लॉरेन बेल और सोफी एक्लेस्टोन ने एक-एक विकेट हासिल किया।

इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने महिला टी20 विश्व कप फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ अपना शानदार रिकॉर्ड बरकरार रखा। दोनों टीमों के बीच यह चौथा विश्व कप फाइनल था और चारों बार ऑस्ट्रेलिया ने ही जीत दर्ज की। इससे पहले उसने 2012, 2014 और 2018 के फाइनल में भी इंग्लैंड को हराकर ट्रॉफी जीती थी। अब 2026 में भी जीत दर्ज कर ऑस्ट्रेलिया ने विश्व कप फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ अपना रिकॉर्ड 4-0 कर लिया।

इससे पहले इंग्लैंड की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने 70 रन के भीतर चार विकेट गंवा दिए। हालांकि कप्तान नैट सिवर-ब्रंट ने एक छोर संभाले रखा और फ्रेया केम्प के साथ पांचवें विकेट के लिए 80 रन की नाबाद साझेदारी कर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। सिवर-ब्रंट ने 53 गेंदों में पांच चौकों की मदद से नाबाद 58 रन बनाए, जबकि फ्रेया केम्प ने 28 गेंदों में चार चौके और एक छक्के की सहायता से नाबाद 44 रन की पारी खेली।

इंग्लैंड के लिए एलिस कैप्सी ने 23 रन का योगदान दिया, जबकि डैनी वायट आठ, एमी जोन्स छह और हीदर नाइट दो रन बनाकर आउट हुईं। ऑस्ट्रेलिया की ओर से किम गार्थ, लुसी हैमिल्टन, सोफी मोलिन्यूक्स और एनाबेल सदरलैंड ने एक-एक विकेट लेकर इंग्लैंड की बल्लेबाजी पर शुरुआती दबाव बनाया, जो अंततः टीम की जीत की मजबूत नींव साबित हुआ।

Logo