Breaking News :

उत्तर भारत में फिर बरसेगा मानसून का कहर, 6 से 8 जुलाई के बीच कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

03bhopal Rain
Published On: July 4, 2026

चंडीगढ़, 4 जुलाई

उत्तर भारत में मानसून एक बार फिर जोर पकड़ने जा रहा है। भारत मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना सुस्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र दक्षिण-पश्चिम मानसून को और सक्रिय करेगा, जिसके प्रभाव से 4 से 10 जुलाई के बीच उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है। कई इलाकों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 4 और 5 जुलाई को छिटपुट बारिश, गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं 6 से 8 जुलाई के बीच इन राज्यों में व्यापक वर्षा होने के साथ कई स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 4 से 10 जुलाई तक अधिकांश क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। हिमाचल प्रदेश में 6 और 7 जुलाई को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है, जबकि उत्तराखंड में 5 जुलाई को अत्यधिक वर्षा की संभावना है। इसके अलावा 6 से 10 जुलाई तक उत्तराखंड के कई इलाकों में लगातार भारी बारिश होने का पूर्वानुमान जारी किया गया है।

जम्मू-कश्मीर में 4 और 5 जुलाई को हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है, जबकि 6 से 9 जुलाई के बीच अधिकांश क्षेत्रों में व्यापक वर्षा होने का अनुमान है। इस दौरान गरज-चमक के साथ 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 6 से 8 जुलाई के बीच कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है।

उत्तर प्रदेश में भी मानसून सक्रिय रहेगा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 4 से 7 जुलाई और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 4 से 6 जुलाई तक बारिश का पूर्वानुमान है। वहीं 8 से 10 जुलाई के दौरान दोनों क्षेत्रों में वर्षा की तीव्रता बढ़ने और कई स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

राजस्थान में भी मानसून का असर लगातार बना रहेगा। पश्चिमी राजस्थान में 4 से 10 जुलाई तक और पूर्वी राजस्थान में 5 से 9 जुलाई के बीच व्यापक वर्षा होने की संभावना है। मौसम विभाग ने पूर्वी राजस्थान में 4 से 7 जुलाई तथा 9 जुलाई को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। विभाग ने जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों में नहीं रुकने की सलाह दी है।

Logo