Breaking News :

सामने आया प्रभास का सबसे खतरनाक अवतार, साथ ही रिलीज डेट से भी उठा पर्दा

Images
Published On: July 16, 2026

मुंबई, 16 जुलाई

अभिनेता प्रभास की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘फौजी’ को लेकर प्रशंसकों का इंतजार अब और बढ़ गया है। फिल्म के निर्माताओं ने गुरुवार को प्रभास का नया दमदार पोस्टर जारी करते हुए फिल्म की रिलीज डेट का भी आधिकारिक ऐलान कर दिया। इससे पहले प्रभास के 46वें जन्मदिन के अवसर पर फिल्म का पहला पोस्टर जारी किया गया था, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया था।

निर्माताओं द्वारा जारी नए पोस्टर में प्रभास बेहद दमदार और रौद्र अंदाज में नजर आ रहे हैं। पोस्टर में वह कीचड़ और लाशों के ढेर के बीच खड़े दिखाई दे रहे हैं। उनके हाथ में बंदूक है, गले में जनेऊ नजर आ रहा है और पूरा शरीर खून से सना हुआ है। प्रभास का यह खौफनाक और युद्धभूमि वाला लुक फिल्म के प्रति दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ा रहा है।

पोस्टर के साथ यह भी घोषणा की गई है कि ‘फौजी’ दुनियाभर के सिनेमाघरों में 3 दिसंबर को रिलीज होगी। फिल्म 1940 के ब्रिटिश भारत की पृष्ठभूमि पर आधारित एक युद्ध, रोमांस और एक्शन ड्रामा है, जिसमें प्रभास एक सैनिक की भूमिका निभाते नजर आएंगे।

फिल्म का निर्देशन हनु राघवपुडी ने किया है, जबकि निर्माण माइथ्री मूवी मेकर्स के बैनर तले किया जा रहा है। फिल्म में प्रभास के अलावा मिथुन चक्रवर्ती और अनुपम खेर भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। फिल्म का संगीत विशाल चंद्रशेखर ने तैयार किया है।

‘फौजी’ के अलावा प्रभास अपनी आगामी फिल्म ‘स्पिरिट’ को लेकर भी चर्चा में हैं। इस फिल्म की आधिकारिक घोषणा पहले ही की जा चुकी है। ‘स्पिरिट’ में प्रभास के साथ अभिनेत्री तृप्ति डिमरी मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। यह फिल्म 5 मार्च 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

Logo