मास्को, 18 जुलाई
रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध के बीच शनिवार तड़के यूक्रेन ने रूस के कई इलाकों पर बड़े पैमाने पर ड्रोन हमले किए। रूसी अधिकारियों के अनुसार, इन हमलों में मास्को से दक्षिण-पूर्व स्थित तांबोव क्षेत्र के कोटोव्स्क शहर में एक लॉजिस्टिक्स सेंटर को निशाना बनाया गया, जहां सात कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि 24 से 25 लोग घायल हो गए।
तांबोव के गवर्नर येवगेनी पेर्विशोव ने बताया कि हमला रूस की प्रमुख ऑनलाइन रिटेल कंपनी वाइल्डबेरीज के स्वामित्व वाले वेयरहाउस पर हुआ। उन्होंने कहा कि सभी मृतक उस समय नाइट शिफ्ट में काम कर रहे थे। गवर्नर के अनुसार, रूसी वायु रक्षा प्रणाली ने लक्ष्य तक पहुंचने से पहले 28 यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए। उनका दावा है कि यदि सभी ड्रोन अपने निशाने तक पहुंच जाते, तो नागरिकों के बीच जान-माल का नुकसान कहीं अधिक हो सकता था।
इसी दौरान एक अन्य ड्रोन हमले में मॉस्को क्षेत्र के नोगिंस्क शहर स्थित एक तेल डिपो में भी आग लग गई। मॉस्को क्षेत्र के गवर्नर आंद्रेई वोरोब्योव ने बताया कि ड्रोन का मलबा गिरने से आग भड़क उठी। इस घटना में दो लोग घायल हुए हैं। एहतियात के तौर पर पास स्थित एक मैटरनिटी अस्पताल को खाली करा लिया गया, जबकि आग पर काबू पाने के लिए दमकल और राहत दलों को तुरंत मौके पर भेजा गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह तेल डिपो पेट्रोल, डीजल और केरोसीन जैसे हल्के पेट्रोलियम उत्पादों के भंडारण और वितरण के लिए इस्तेमाल किया जाता है। यहां कुल 24 स्टोरेज टैंक हैं, जिनकी संयुक्त भंडारण क्षमता लगभग 11,500 घन मीटर बताई गई है। हालांकि आग से हुए नुकसान का पूरा आकलन अभी नहीं हो सका है।
रूसी अधिकारियों ने बताया कि कोटोव्स्क स्थित लॉजिस्टिक्स सेंटर के वेयरहाउस में लगी आग पर अब काबू पा लिया गया है। वहीं प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव अभियान जारी है तथा सुरक्षा एजेंसियां हमलों से हुए नुकसान का आकलन करने के साथ पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हैं।