Breaking News :

बकरीद की बदली छुट्टी ने बिगाड़ा CUET-UG का शेड्यूल, 28 मई की परीक्षा टली

9058ba25a84568f3992853450461b9c24246de26777b6d1b1e515c482c7f86e3
Published On: May 25, 2026

चंडीगढ़, 25 मई

बकरीद (ईद-उल-अजहा) की छुट्टी की तारीख में हुए बदलाव का असर अब देश की सबसे बड़ी प्रवेश परीक्षाओं में शामिल CUET-UG 2026 पर भी पड़ गया है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने 28 मई 2026 को आयोजित होने वाली स्नातक संयुक्त विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा को स्थगित करने की घोषणा कर दी है। एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की नई तारीखों का ऐलान बाद में किया जाएगा।

एनटीए द्वारा रविवार को जारी सार्वजनिक नोटिस में बताया गया कि यह फैसला कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग की ओर से 22 मई को जारी उस आदेश के बाद लिया गया, जिसमें बकरीद की छुट्टी की संशोधित तारीख निर्धारित की गई थी। इसी बदलाव को ध्यान में रखते हुए 28 मई को दोनों पालियों में होने वाली परीक्षा को फिलहाल टाल दिया गया है।

नोटिस में कहा गया है कि पांच मई 2026 को जारी पूर्व सार्वजनिक सूचना के क्रम में अभ्यर्थियों को सूचित किया जाता है कि 28 मई को निर्धारित CUET-UG 2026 की परीक्षा अब आयोजित नहीं होगी। एजेंसी ने छात्रों को सलाह दी है कि वे परीक्षा से जुड़े हर नए अपडेट के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित नजर बनाए रखें।

एनटीए ने यह भी कहा है कि किसी भी प्रकार की जानकारी, सहायता या स्पष्टीकरण के लिए अभ्यर्थी हेल्पडेस्क से संपर्क कर सकते हैं। परीक्षा स्थगित होने से देशभर के लाखों छात्रों की तैयारी और परीक्षा कार्यक्रम प्रभावित होने की संभावना है।

गौरतलब है कि CUET-UG देश के केंद्रीय विश्वविद्यालयों और अन्य भाग लेने वाले शिक्षण संस्थानों में स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित की जाने वाली प्रमुख राष्ट्रीय प्रवेश परीक्षा है, जिसमें हर साल बड़ी संख्या में छात्र शामिल होते हैं।

Logo