नई दिल्ली, 9 जून
दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और राजस्थान के कुछ हिस्सों में अगले दो घंटे के भीतर मौसम ने अचानक रुख बदलने का संकेत दे दिया है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि इन क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ-साथ गरज और बिजली चमकने की संभावना है। साथ ही 30 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान भी जताया गया है।
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में गुरुग्राम और मानेसर में वर्षा की संभावना है। हरियाणा के हिसार, हांसी, सिवानी, महम, तोशाम, रोहतक, भिवानी और चरखी दादरी में मौसम अचानक बदल सकता है। इसके अलावा मतानहेल, झज्जर, फर्रुखनगर, कोसली, रेवाड़ी और नूंह में भी बारिश की संभावना जताई गई है। राजस्थान के भिवाड़ी और खैरथल में भी बादलों का डेरा है। मौसम विभाग ने इन सभी इलाकों में लोगों से सतर्क रहने और अचानक मौसम बदलने के लिए तैयारी रखने को कहा है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश, उत्तर-पूर्वी मध्यप्रदेश, उड़ीसा और छत्तीसगढ़ के आसपास कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है, जो मानसून के लिए सकारात्मक संकेत है। इसके अलावा पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में एक पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) सक्रिय है। इसका असर आने वाले 11 और 12 जून को दिल्ली-एनसीआर और आसपास के क्षेत्रों में महसूस होगा। इस दौरान दोपहर और रात के समय तेज हवाएं चलेंगी और हल्की बारिश होगी। मौसम के इस बदलाव के कारण तापमान में तीन से चार डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकेगी।