Breaking News :

इमरान हाशमी की फिल्म के सेट पर हंगामा, हुआ विवाद

Emraan Hashmi Haridwar Shoot
Published On: June 11, 2026

मुंबई, 11 जून

हरिद्वार में इमरान हाशमी अपनी नई फिल्म की शूटिंग कर रहे थे, लेकिन सेट पर अचानक विवाद का माहौल बन गया। शूटिंग के दौरान एक सीन के लिए सेट पर लगाया गया ‘कैफे एंड बार’ का बोर्ड कुछ हिंदूवादी संगठनों और तीर्थ पुरोहितों की नजरों में चुभ गया। वे तुरंत सेट पर पहुंच गए और जोरदार विरोध शुरू कर दिया। इमरान हाशमी के साथ सेट पर अभिनेता अपारशक्ति खुराना भी मौजूद थे, जो फिल्म में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

बताया जा रहा है कि फिल्म की टीम ने शूटिंग के लिए एक नकली रेस्टोरेंट का सेट बनाया था और साइनबोर्ड पर ‘कैफे एंड बार’ लिखा था। हरिद्वार जैसी पवित्र नगरी में ‘बार’ शब्द के इस्तेमाल पर स्थानीय लोगों ने आपत्ति जताई। उनका कहना था कि यह कदम हरिद्वार की धार्मिक और सांस्कृतिक छवि को ठेस पहुंचाने वाला है, क्योंकि यहां करोड़ों श्रद्धालु अपनी आस्था के साथ आते हैं।

विवाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आया है, जिसमें मेकर्स सेट तैयार कर रहे हैं और बोर्ड साफ करने की कोशिश कर रहे हैं। तभी कुछ विरोधी पहुंच गए और दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। वीडियो में इमरान हाशमी और अपारशक्ति खुराना तो नजर नहीं आए, लेकिन सुरक्षा कर्मी और प्रोडक्शन टीम के लोग स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश करते दिखे।

अंततः विवाद तब शांत हुआ जब फिल्म की टीम ने बोर्ड से ‘बार’ शब्द हटा दिया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि हरिद्वार में इमरान हाशमी किस फिल्म की शूटिंग कर रहे थे और न ही इस घटना पर अभिनेता या फिल्म टीम की ओर से कोई प्रतिक्रिया आई है।

Logo