Breaking News :

बैंकॉक के पब में आधी रात मची चीख-पुकार… 27 लोगों की दर्दनाक मौत

12int Thailand Fire Qkcp Videosixteenbynine3000
Published On: July 13, 2026

बैंकॉक, 13 जुलाई

थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में सोमवार तड़के एक पब में भीषण आग लगने से कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दर्दनाक हादसा उत्तरी बैंकॉक स्थित ना लाडफ्राओ (Na Ladprao) पब में हुआ। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और लगभग 30 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घायलों को तत्काल विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

घटना के बाद सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में पब से ऊंची-ऊंची लपटें और घना काला धुआं उठता दिखाई दे रहा है। आग लगते ही वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग जान बचाने के लिए बाहर की ओर भागते नजर आए। बचाव दल के अनुसार, आग लगने की सूचना आधी रात के आसपास मिली थी, जिसके बाद राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिया गया।

थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुटिन चार्नवीराकुल ने घटनास्थल का दौरा किया और हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि अब तक 27 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई घायल अस्पतालों में उपचाराधीन हैं। उन्होंने कहा कि आग लगने के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पब में प्रस्तुति दे रहे एक संगीतकार ने बताया कि मंच के पास लगे सर्किट ब्रेकर से पहले धुआं निकलता दिखाई दिया। इसके कुछ ही क्षण बाद बिजली आपूर्ति बाधित हो गई और फिर जोरदार धमाका हुआ। धमाके के बाद देखते ही देखते पूरा पब घने धुएं से भर गया, जिससे अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकलने का पर्याप्त समय नहीं मिल सका।

प्रधानमंत्री ने बताया कि मृतकों में कई लोगों के शव पब के पीछे स्थित शौचालयों से बरामद किए गए। आशंका है कि वे धुएं और आग से बचने के लिए वहां छिप गए थे, लेकिन बाहर नहीं निकल सके। हादसे के बाद सामने आई तस्वीरों में पब का अंदरूनी हिस्सा पूरी तरह जलकर खाक नजर आया। आग की चपेट में आने से कुर्सियां, मेजें और अन्य सामान पूरी तरह नष्ट हो गए।

थाईलैंड में इस तरह के हादसे पहले भी हो चुके हैं। वर्ष 2022 में देश के पूर्वी हिस्से के एक म्यूजिक पब में लगी आग में 14 लोगों की जान चली गई थी। इससे पहले 1 जनवरी 2009 को बैंकॉक के प्रसिद्ध सैंटिका नाइटक्लब में नए साल के जश्न के दौरान लगी भीषण आग में 66 लोगों की मौत हो गई थी और 200 से अधिक लोग घायल हुए थे। उस हादसे की वजह इनडोर आतिशबाजी को माना गया था।

Logo