Breaking News :

चंडीगढ़ में फायरिंग : सेक्टर-11 में मेडिकल स्टोर बना खून का मैदान

Whatsapp Image 2026 06 13 At 4.09.23 Pm
Published On: June 13, 2026

चंडीगढ़, 13 जून

चंडीगढ़ के सेक्टर-11 स्थित केमिस्ट मार्केट में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई जब एक मेडिकल स्टोर पर दिनदहाड़े फायरिंग की घटना हुई। हमले में कैशियर जानकी राम की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति के घायल होने की भी सूचना है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हमलावर एक्टिवा पर सवार होकर आए थे और उन्होंने ऑटोमैटिक हथियार से ताबड़तोड़ फायरिंग की। यह पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसकी फुटेज अब पुलिस जांच का अहम हिस्सा है।

सूत्रों के अनुसार, इस हमले की जिम्मेदारी गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े लोगों द्वारा ली गई है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं से जांच जारी है।

बताया जा रहा है कि वारदात के समय मुख्य सड़क पर नाका लगा हुआ था, बावजूद इसके हमलावर नाके के पास स्थित पार्किंग क्षेत्र से होते हुए दुकान तक पहुंचे और कैशियर को निशाना बनाया। यह भी सामने आया है कि जिस मेडिकल स्टोर पर हमला हुआ, वहां पहले भी धमकी भरे फोन आ चुके थे और रंगदारी की मांग की गई थी।

इलाके में स्थित यह मेडिकल मार्केट पीजीआई के नजदीक है, जहां बड़ी संख्या में दवा की दुकानें हैं, जिससे घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय का माहौल है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक मृतक जानकी राम हिमाचल प्रदेश में सरपंच का चुनाव जीत चुके थे, जिसके चलते अब इस मामले की जांच रंजिश और व्यक्तिगत दुश्मनी के एंगल से भी की जा रही है। पुलिस ने कहा है कि सभी संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है और जल्द ही हमलावरों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Logo