Breaking News :

मुकुंदपुर में जोरदार धमाका : पलभर में मलबे में तब्दील हुई इमारत, कई लोग घायल

दोस्ती, प्यार और उलझे रिश्तों का खेल! ‘कॉकटेल 2’ का ट्रेलर देख बढ़ी फैंस की उत्सुकता

मुंबई, 2 जून

लंबे इंतजार के बाद आखिरकार शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना अभिनीत बहुप्रतीक्षित रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म ‘कॉकटेल 2’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। ट्रेलर सामने आते ही सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा तेज हो गई है और फैंस की उत्सुकता पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है।

करीब 3 मिनट 1 सेकंड लंबे ट्रेलर की शुरुआत तीन दोस्तों की एक मजेदार कार ट्रिप से होती है। इस दौरान शाहिद कपूर रिश्तों और प्यार को लेकर एक दिलचस्प नजरिया पेश करते दिखाई देते हैं। वह बताते हैं कि नए रिश्ते हमेशा रोमांचक लगते हैं क्योंकि उनमें नई कहानियां और नए अनुभव होते हैं, जबकि पुराने रिश्तों में वही पुरानी बातें रह जाती हैं। लेकिन जब दोस्ती और प्यार की सीमाएं एक-दूसरे में घुलने लगती हैं, तब रिश्तों की जटिलताएं शुरू होती हैं।

कहानी आगे बढ़ते हुए तीन दोस्तों की मस्ती, यात्राओं और खूबसूरत पलों को दिखाती है। सब कुछ सामान्य नजर आता है, लेकिन अचानक कहानी में बड़ा मोड़ आता है जब दोस्ती के बीच प्यार दस्तक देता है। हालात तब और उलझ जाते हैं जब कृति सेनन और रश्मिका मंदाना दोनों ही शाहिद कपूर के करीब आने लगती हैं। इसके बाद तीनों के रिश्तों में ऐसी जटिलताएं पैदा होती हैं जो एक दिलचस्प लव ट्रायंगल का रूप ले लेती हैं।

ट्रेलर में शाहिद कपूर का किरदार दो अलग-अलग भावनाओं के बीच फंसा नजर आता है। वहीं कृति और रश्मिका की मौजूदगी कहानी को और अधिक दिलचस्प बना देती है। ट्रेलर के अंतिम हिस्से में दोनों अभिनेत्रियां दुल्हन के जोड़े में दिखाई देती हैं, जिससे फिल्म की कहानी को लेकर रहस्य और भी गहरा जाता है।

फिल्म की एक और खास बात इसकी शानदार विजुअल अपील है। इटली की खूबसूरत लोकेशंस ट्रेलर को बेहद आकर्षक बनाती हैं। साथ ही 2012 में रिलीज हुई मूल फिल्म ‘कॉकटेल’ के लोकप्रिय गीत ‘तुम्ही हो बंधू’ की झलक दर्शकों के लिए पुरानी यादों को भी ताजा करती है।

गौरतलब है कि ‘कॉकटेल 2’, वर्ष 2012 में आई सुपरहिट फिल्म ‘कॉकटेल’ का सीक्वल है। पहली फिल्म में सैफ अली खान, दीपिका पादुकोण और डायना पेंटी मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे। होमी अदजानिया के निर्देशन में बनी उस फिल्म को समीक्षकों और दर्शकों दोनों का भरपूर प्यार मिला था।

करीब 14 साल बाद अब इस लोकप्रिय कहानी का नया अध्याय बड़े पर्दे पर लौट रहा है। होमी अदजानिया के निर्देशन में बनी और दिनेश विजान तथा लव रंजन द्वारा निर्मित ‘कॉकटेल 2’ 19 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। ट्रेलर ने संकेत दे दिया है कि इस बार दर्शकों को रोमांस, कॉमेडी, दोस्ती और भावनात्मक उलझनों से भरपूर मनोरंजन का एक नया अनुभव मिलने वाला है।

“बॉबी देओल की वापसी : ‘बंदर’ का ट्रेलर रिलीज, फिर मचाएंगे तहलका!”

मुंबई , May 21

बॉबी देओल करियर की दूसरी पारी में लीक से हटकर किरदार कर रहे हैं। अनुराग कश्यप निर्देशित फिल्म ‘बंदर’ में बॉबी देओल एक बार फिर से इंटेंस रोल में दिख रहे हैं। फिल्म के ट्रेलर में उनके किरदार में कई शेड्स नजर आ रहे हैं।

फिल्म ‘बंदर’ के ट्रेलर की शुरुआत बॉबी देओल के किरदार के साथ होती है, जो कम उम्र की लड़कियों को डेट करता है। लेकिन एक लड़की से मुलाकात उसकी जिंदगी बदल देती है। उसे सलाखों के पीछे धकेल देती है। बॉबी देओल का किरदार खुद को बेगुनाह कहता है, लेकिन कोई उसकी नहीं सुनता है।

‘बंदर’ के ट्रेलर को देखकर लगता है कि यह कहानी दुष्कर्म के झूठे आरोप पर आधारित है। बॉबी का किरदार इस वजह से जेल भी जाता है। जेल के बुरे अनुभवों से वो गुजरता है। अपने किरदार में बॉबी काफी रम हुए नजर आते हैं। अलग-अलग सिचुएशन में उनकी एक्टिंग असर छोड़ती है।

अनुराग कश्यप निर्देशन ‘बंदर’ की कहानी सुदीप शर्मा और अभिषेक बनर्जी ने लिखी है। निखिल द्विवेदी इसके प्रोड्यूसर हैं। इस फिल्म में बॉबी देओल के अलावा सान्या मल्होत्रा, सपना पब्बी, सबा आजाद, इंद्रजीत सुकुमारन, जितेंद्र जोशी, राज बी. शेट्टी और नागेश भोंसले जैसे एक्टर्स भी नजर आएंगे। ‘बंदर’ 5 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

दिलजीत की ‘मैं वापस आऊंगा’ का ट्रेलर देख भावुक हुए फैंस

इश्क, दर्द और अधूरी मोहब्बत की कहानी !

मुंबई, मई 19

इम्तियाज अली एक बार फिर प्यार और दर्द से भरी ऐसी कहानी लेकर लौटे हैं, जिसने रिलीज होते ही लोगों के दिलों को छू लिया है। उनकी नई फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ का ट्रेलर जारी कर दिया गया है और इसमें इश्क, तड़प और अधूरी मोहब्बत की ऐसी झलक देखने को मिलती है, जो दर्शकों को भावुक कर देती है। ट्रेलर में जब दिलजीत दोसांझ का किरदार यह कहता है कि “मैं वापस आऊंगा”, तभी यह एहसास हो जाता है कि फिल्म सिर्फ एक प्रेम कहानी नहीं, बल्कि टूटे दिलों की दास्तां बनने वाली है।

फिल्म की शुरुआत नसीरुद्दीन शाह और दिलजीत दोसांझ के किरदारों से होती है। नसीरुद्दीन शाह का किरदार अपनी जिंदगी के आखिरी पड़ाव पर दिखाई देता है। वह अपने दिल की बात कहना चाहता है, लेकिन उसकी तड़प और दर्द को कोई समझ नहीं पाता। आखिर में दिलजीत का किरदार उनकी इस अधूरी कहानी को पूरा करने की जिम्मेदारी उठाता है। इसके बाद कहानी फ्लैशबैक में चली जाती है, जहां वेदांग रैना और शरवरी की प्रेम कहानी सामने आती है।

ट्रेलर में दोनों के बीच गहरी मोहब्बत दिखाई गई है, लेकिन इस प्यार का अंत बेहद दर्दनाक नजर आता है। कहानी में कई ऐसे भावुक पल हैं, जो दर्शकों को अंदर तक झकझोर देते हैं। सबसे बड़ा रहस्य यही बना हुआ है कि दिलजीत दोसांझ, नसीरुद्दीन शाह, वेदांग रैना और शरवरी के किरदार आखिर एक-दूसरे से कैसे जुड़े हुए हैं। इस सवाल का जवाब फिल्म रिलीज होने के बाद ही सामने आएगा।

इम्तियाज अली के निर्देशन में बनी यह फिल्म अगले महीने 12 जून 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म का संगीत एआर रहमान ने तैयार किया है, जबकि गीत इरशाद कामिल ने लिखे हैं। ट्रेलर में भी एआर रहमान के संगीत का जादू साफ महसूस होता है, जिसने फिल्म के भावनात्मक माहौल को और गहरा बना दिया है।

Logo