Breaking News :

ओमान तट के पास टैंकर में लगी आग, 20 भारतीय नाविकों की सुरक्षित निकासी

‘अल्फा’ में आलिया का होगा सबसे खतरनाक अवतार! किरदार का खुलासा सुनकर फैंस रह जाएंगे हैरान

मुंबई, 30 मई

आलिया भट्ट की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘अल्फा’ को लेकर लगातार चर्चाओं का दौर जारी है। फिल्म को एक स्पाई एक्शन ड्रामा के रूप में पेश किया जा रहा है, जिसके चलते फैंस यह अनुमान लगा रहे थे कि आलिया इसमें एक जासूस की भूमिका निभाती नजर आएंगी। लेकिन अब सामने आई जानकारी ने सभी को चौंका दिया है। बताया जा रहा है कि आलिया इस फिल्म में किसी जासूस की नहीं, बल्कि एक बेहद खतरनाक और दमदार किरदार की भूमिका निभा रही हैं, जिसे उन्होंने अपने करियर में पहले कभी नहीं निभाया।

यशराज फिल्म्स के बैनर तले बन रही इस फिल्म से जुड़े एक करीबी सूत्र ने दावा किया है कि ‘अल्फा’ में आलिया भट्ट एक किलर के किरदार में दिखाई देंगी। सूत्र के अनुसार उनका किरदार एक ऐसी महिला का है, जिसे बचपन से ही हत्या और मिशनों को अंजाम देने के लिए तैयार किया गया है। फिल्म में उन्हें एक ‘अल्फा किलर’ के रूप में दिखाया जाएगा, जो अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए किसी भी हद तक जा सकती है।

सूत्रों का कहना है कि फिल्म में आलिया का यह अवतार बेहद दमदार और एक्शन से भरपूर होगा। दर्शकों को उनके कई हाई-ऑक्टेन एक्शन सीक्वेंस देखने को मिलेंगे, जो उनके अब तक के फिल्मी सफर से बिल्कुल अलग होंगे। यही वजह है कि ‘अल्फा’ को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता लगातार बढ़ती जा रही है।

जब इस संबंध में यशराज फिल्म्स से प्रतिक्रिया मांगी गई तो उनके प्रवक्ता ने कोई स्पष्ट पुष्टि या खंडन नहीं किया। उन्होंने केवल इतना कहा कि दर्शकों को फिल्म के पहले टीजर या झलक का इंतजार करना चाहिए। फिलहाल इस स्तर पर चल रही चर्चाओं की पुष्टि या खंडन नहीं किया जा सकता।

फिल्म ‘अल्फा’ में आलिया भट्ट के साथ शरवरी भी अहम भूमिका में नजर आएंगी। वहीं बॉबी देओल फिल्म में खलनायक का किरदार निभाते दिखाई देंगे। अभिनेता अनिल कपूर भी इस महत्वाकांक्षी परियोजना का हिस्सा हैं। फिल्म का निर्देशन शिव रवैल कर रहे हैं। एक्शन और रोमांच से भरपूर यह फिल्म 3 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है, जिसका फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

दिवाली से पहले होगा बड़ा धमाका? रणबीर कपूर की ‘रामायणम्’ की रिलीज डेट बदलने की चर्चा तेज

मुंबई, 23 मई

नमित मल्होत्रा की मेगा बजट फिल्म ‘रामायणम्’ इन दिनों लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। एक तरफ फिल्म अपनी भारी-भरकम ओटीटी डील को लेकर चर्चा में है, तो दूसरी ओर अब इसकी रिलीज डेट को लेकर भी बड़ा अपडेट सामने आया है। पहले यह फिल्म दिवाली के मौके पर 6 नवंबर 2026 को रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब खबर है कि मेकर्स इसे एक हफ्ते पहले सिनेमाघरों में उतारने की तैयारी कर रहे हैं।

सूत्रों के मुताबिक ‘रामायणम्: पार्ट 1’ अब 30 अक्टूबर 2026 को रिलीज हो सकती है। बताया जा रहा है कि मेकर्स इसे एक रणनीतिक कदम के तौर पर देख रहे हैं। उनका मानना है कि दिवाली से पहले फिल्म रिलीज होने पर इसे दर्शकों के बीच मजबूत पकड़ बनाने का ज्यादा समय मिलेगा और त्योहारों के दौरान दूसरे हफ्ते में फिल्म की कमाई और भी ज्यादा बढ़ सकती है।

फिल्म में रावण का किरदार निभा रहे यश ने भी हाल ही में ‘सिनेमाकॉन’ में संकेत दिए थे कि फिल्म अक्टूबर के आखिर में रिलीज हो सकती है। इसके बाद से ही नई रिलीज डेट को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं। ‘रामायणम्’ को नमित मल्होत्रा और यश प्रोड्यूस कर रहे हैं, जबकि इसका निर्देशन नितेश तिवारी कर रहे हैं। मेकर्स इस फिल्म को ग्लोबल स्तर पर एक भव्य सिनेमाई अनुभव बनाने में कोई कमी नहीं छोड़ना चाहते।

जानकारी के अनुसार फिल्म की नई रिलीज डेट का आधिकारिक ऐलान तब किया जाएगा, जब इसकी डिस्ट्रिब्यूशन डील पूरी तरह फाइनल हो जाएगी। फिलहाल मेकर्स और बड़े डिस्ट्रीब्यूटर्स के बीच लगभग 450 करोड़ रुपये की डील को लेकर बातचीत चल रही है। साथ ही यह भी तय किया जा रहा है कि फिल्म के डिजिटल राइट्स किस ओटीटी प्लेटफॉर्म को दिए जाएंगे।

‘रामायणम्’ की स्टारकास्ट भी काफी दमदार मानी जा रही है। फिल्म में रणबीर कपूर, यश, साई पल्लवी, सनी देओल, अरुण गोविल, लारा दत्ता, इंदिरा कृष्णन, शीबा चड्ढा, काजल अग्रवाल, कुणाल कपूर, रवि दुबे और रकुल प्रीत सिंह समेत कई बड़े कलाकार नजर आएंगे। यही वजह है कि दर्शकों के बीच इस फिल्म को लेकर उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है।

Logo