Breaking News :

मुकुंदपुर में जोरदार धमाका : पलभर में मलबे में तब्दील हुई इमारत, कई लोग घायल

बिक्रम मजीठिया की गुमशुदगी के लगे पोस्टर

अमृतसर , Jun 2

अमृतसर में वरिष्ठ अकाली नेता एवं पूर्व मंत्री बिक्रम मजीठिया की गुमशुदगी के पोस्टर लगे हैं। थाना मजीठा से एक अकाली कार्यकर्ता को पुलिस हिरासत से छुड़ाकर ले जाने के आरोप में पुलिस ने मजीठिया समेत 50 से अधिक लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

मामले में सोमवार को भारी पुलिस बल मजीठिया के ग्रीन एवेन्यू स्थित आवास पर पहुंचा और चारों तरफ से घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन चलाया। हालांकि उस समय घर पर कोई मौजूद नहीं मिला। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में अकाली कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए। बाद में पुलिस टीम खाली हाथ लौट गई। इसके अलावा पुलिस ने मजीठा, चंडीगढ़ और अन्य स्थानों पर भी दबिश दी।

इसके बाद मजीठिया के खिलाफ पंजाब पुलिस ने लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) जारी कराया है। इसके बाद मजीठिया संबंधित एजेंसियों की अनुमति के बिना विदेश यात्रा नहीं कर सकेंगे।

जानकारी के अनुसार एलओसी जारी होने के बाद देश के सभी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों और इमिग्रेशन चेक पोस्टों पर मजीठिया को लेकर अलर्ट जारी कर दिया गया है। यदि वह विदेश जाने का प्रयास करते हैं तो संबंधित एजेंसियों को तत्काल सूचना दी जाएगी और कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के अनुसार चुनाव के दिन हुई मारपीट और चेन स्नेचिंग के एक मामले में थाना मजीठा पुलिस ने जोबनप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया था। आरोप है कि रविवार को बिक्रम सिंह मजीठिया अपने समर्थकों के साथ थाने पहुंचे और बिना अनुमति परिसर में दाखिल होकर जांच में हस्तक्षेप किया। पुलिस के अनुसार जहां जोबनप्रीत सिंह को पूछताछ के लिए रखा गया था वहां पहुंचकर उसे जबरन पुलिस हिरासत से छुड़ाकर ले जाया गया। हालांकि बाद में पुलिस ने उसे दोबारा हिरासत में ले लिया।

पुलिस का आरोप है कि इस दौरान सरकारी दस्तावेज के साथ छेड़छाड़ की गई और थाना प्रभारी का मोबाइल फोन छीनने का प्रयास भी किया गया। मामले में एफआईआर नंबर 91 दर्ज कर मजीठिया समेत 50 से अधिक लोगों को नामजद किया गया है। इनमें से पांच-छह आरोपियों की पहचान हो चुकी है। जांच के लिए एसपी की निगरानी में विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया है।

मजीठा थाने की घटना के बाद बिक्रम मजीठिया के घर पुलिस की रेड

अमृतसर, 1 जून

पंजाब में मजीठा थाने पर कथित हमले और पुलिस हिरासत से एक आरोपी को छुड़ाने की कोशिश के मामले में सोमवार को अकाली दल नेता और पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया के अमृतसर स्थित ग्रीन एवेन्यू आवास पर पुलिस ने छापेमारी की। अमृतसर ग्रामीण पुलिस की टीमों ने यह कार्रवाई एसपी के नेतृत्व में की, हालांकि इस दौरान बिक्रम मजीठिया अपने घर पर मौजूद नहीं थे।

पुलिस के अनुसार, रविवार को मजीठा पुलिस स्टेशन में हुई घटना के संबंध में एफआईआर दर्ज की गई है। इस मामले में शामिल लोगों की गिरफ्तारी के लिए 12 विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है, जो विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर रही हैं। एसपी आदित्य वॉरियर ने कहा कि मामले की विस्तृत जानकारी अमृतसर ग्रामीण के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुहैल कासिम मीर साझा करेंगे।

घटना से जुड़ा माहौल पहले ही गरम था। रविवार को Kirti Kisan Union के कार्यकर्ताओं ने जौबनप्रीत सिंह की गिरफ्तारी के विरोध में मजीठा थाने के बाहर प्रदर्शन किया था। जौबनप्रीत के पिता संगठन के सक्रिय सदस्य बताए जाते हैं। प्रदर्शन के दौरान बिक्रम मजीठिया भी अपने समर्थकों के साथ शामिल हो गए और आरोप लगाया गया कि जौबनप्रीत को राजनीतिक द्वेष के तहत झूठे मामलों में फंसाया गया है, क्योंकि वह हाल ही में हुए नगर निकाय चुनाव में शिरोमणि अकाली दल के पोलिंग एजेंट थे।

एसएसपी सुहैल कासिम मीर ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने हिरासत में लिए गए जौबनप्रीत सिंह को छुड़ाने की कोशिश की, पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की और सरकारी केस फाइलें फाड़ दीं, जिससे सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान भी पहुंचा। पुलिस का कहना है कि इस घटना ने कानून-व्यवस्था को प्रभावित किया और उनके वैधानिक कार्य में बाधा उत्पन्न की।

घटना के बाद पुलिस ने सार्वजनिक रूप से उपलब्ध वीडियो और अन्य साक्ष्यों की जांच कर 50 से अधिक लोगों के खिलाफ नया मामला दर्ज किया। पूरे प्रकरण की जांच के लिए एसपी स्तर के अधिकारी की अगुवाई में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि मामले की हर पहलू से जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

दुबई आधारित ड्रग कार्टेल का अमृतसर में भंडाफोड़ : 10 किलो आई.सी.ई. और 4 किलो हेरोइन समेत दो गिरफ्तार

अमृतसर, मई 20

पंजाब को नशा मुक्त राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने दो आरोपियों को 10 किलोग्राम आई.सी.ई. (मेथामफेटामाइन) और 4 किलोग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार कर एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग कार्टेल का भंडाफोड़ किया है। यह जानकारी पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने आज यहां साझा की।

गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान मोहित उर्फ बची (19), निवासी गांव पावार (जालंधर) और अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श उर्फ हरमन (23), निवासी कोट खालसा (अमृतसर) के रूप में हुई है।

डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी अबू धाबी/दुबई से नशे का कारोबार चला रहे एक तस्कर के संपर्क में थे, जो इन आरोपियों के जरिए पंजाब और दिल्ली में नशीले पदार्थों की तस्करी करवाता था।

डीजीपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मोहित हाल ही में दुबई से वापस आया था, जहां उसे तस्करी संबंधी प्रशिक्षण दिया गया था और हेरोइन तथा आई.सी.ई. की खेप पहुंचाने का काम सौंपा गया था। उन्होंने बताया कि आरोपी आगे माजा और दोआबा क्षेत्रों में नशीले पदार्थों की सप्लाई कर रहे थे।

ऑपरेशन संबंधी जानकारी साझा करते हुए पुलिस कमिश्नर (सीपी) अमृतसर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए योजनाबद्ध तरीके से पुलिस टीमों ने मोहित उर्फ बची और अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श को उस समय गिरफ्तार किया जब वे मोटरसाइकिल पर जा रहे थे। उन्होंने कहा कि तलाशी के दौरान पुलिस टीमों ने उनके कब्जे से 10 किलोग्राम आई.सी.ई. (मेथामफेटामाइन) और 4 किलोग्राम हेरोइन बरामद की।

सीपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान दुबई से लौटे आरोपी मोहित ने खुलासा किया कि उक्त तस्कर मजदूर वर्ग के युवाओं को निशाना बनाकर उन्हें नशा तस्करी की गतिविधियों के लिए प्रेरित करता था। जांच के दौरान यह भी पता चला है कि आरोपी अर्शदीप उर्फ अर्श, जो पहले से ही नशा तस्करी की गतिविधियों में शामिल था और दुबई स्थित तस्कर के सीधे संपर्क में था, अज्ञात व्यक्तियों के जरिए भेजी गई हेरोइन की खेप को अपने पास सुरक्षित रखता था और आगे डिलीवरी के लिए मोहित को सौंप देता था।

गौरतलब है कि इसी वर्ष फरवरी में भी इसी दुबई आधारित तस्कर के दो साथियों, जिनकी पहचान साहिबप्रीत सिंह उर्फ साहिब और गगनदीप सिंह उर्फ गगन के रूप में हुई थी, को 7.6 किलोग्राम हेरोइन और 21,000 रुपये की ड्रग मनी सहित गिरफ्तार किया गया था। इसके अलावा दुबई आधारित तस्कर की मां और बहन इस समय पुलिस स्टेशन राजा सांसी में एनडीपीएस एक्ट के तहत 42 किलोग्राम हेरोइन बरामदगी से संबंधित मामले में केंद्रीय जेल अमृतसर में बंद हैं।

सीपी ने कहा कि इस मामले में नेटवर्क के अन्य सदस्यों की पहचान करने के लिए आगे और पीछे के लिंक खंगाले जा रहे हैं तथा और बरामदगी एवं गिरफ्तारियां होने की संभावना है।

इस संबंध में एफआईआर नंबर 107 दिनांक 18-05-2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 21-सी और 29 के तहत अमृतसर के थाना छेहरटा में मामला दर्ज किया गया है।

Logo