नई दिल्ली, 12 जून
नीट-2026 परीक्षा की गोपनीय सामग्री के सुरक्षित परिवहन की जिम्मेदारी केंद्रीय अर्धसैनिक बलों सीआरपीएफ और सीआईएसएफ को सौंपी गई है। दोनों बल परीक्षा की सामग्री को 551 शहरों तक लीक-प्रूफ तरीके से पहुँचाने का काम करेंगे, और जिस हवाई जहाज में परीक्षा सामग्री भेजी जाएगी, उसमें भी सीएपीएफ के जवान मौजूद रहेंगे।
सुरक्षा इंतजामों के तहत सीएपीएफ कर्मियों की तैनाती और नोडल अधिकारियों के नामांकन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यह तैनाती राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) के निदेशक के 4 जून के आग्रह के तहत की जा रही है। नीट परीक्षा की दोबारा तिथि 21 जून निर्धारित की गई है और इसे देशभर के परीक्षा केंद्रों पर आयोजित किया जाएगा।
परीक्षा की गोपनीय सामग्री हैदराबाद और अहमदाबाद में स्थित ओरिजन हब से लेकर लगभग 551 हब शहरों तक ‘हब-एंड-स्पोक’ नेटवर्क के माध्यम से पहुँचाई जाएगी। इस नेटवर्क में ओरिजन हब, लेग-1, लेग-2 और लेग-3 हब शामिल हैं, जिसमें हवाई और सड़क दोनों तरह के परिवहन का उपयोग किया जाएगा।
सुरक्षा के मद्देनज़र परीक्षा की गोपनीय सामग्री, जिसमें प्रश्न-पत्र और परीक्षा के बाद की ओएमआर उत्तर पुस्तिकाएं शामिल हैं, के परिवहन और हैंडलिंग के लिए दो-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाएगी। इसके महत्वपूर्ण चरणों पर सीएपीएफ कर्मियों की तैनाती की जाएगी।
प्रश्न-पत्रों को लाने-ले जाने और हब तक पहुँचाने की तैनाती 11 जून से शुरू होकर 19 जून तक चलेगी। इसके बाद, 21 जून की शाम से ओएमआर शीट और अन्य परीक्षा-संबंधित सामग्री के रिवर्स लॉजिस्टिक्स संचालन का काम शुरू होगा, जिसके लिए भी सीएपीएफ की तैनाती की आवश्यकता होगी। विस्तृत शेड्यूल, स्थान और आवाजाही की योजनाओं की जानकारी अलग से साझा की जाएगी।