Breaking News :

NASA का बड़ा यू-टर्न : नई टीम में एक भी महिला नहीं, छिड़ा विवाद

Images
Published On: June 19, 2026

नई दिल्ली, जून 19

नासा ने अपने महत्वाकांक्षी आर्टेमिस कार्यक्रम के तहत आर्टेमिस 3 मिशन के क्रू की घोषणा कर दी है। इस मिशन के लिए नासा के आंद्रे डगलस, रैंडी ब्रेसनिक और फ्रैंक रुबियो के साथ यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी के लुका परमितानो को चुना गया है। हालांकि, मिशन के उद्देश्यों में बदलाव और पूरी तरह पुरुषों वाली टीम के चयन को लेकर सोशल मीडिया पर बहस भी शुरू हो गई है।

जब आर्टेमिस कार्यक्रम की शुरुआत हुई थी, तब आर्टेमिस 3 को इंसानों को चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतारने वाले मिशन के रूप में पेश किया गया था। लेकिन 2026 में नासा ने मिशन की योजना में बदलाव करते हुए आर्टेमिस 2 और चंद्रमा पर लैंडिंग मिशन के बीच एक अतिरिक्त मिशन जोड़ दिया।

अब आर्टेमिस 3 का मुख्य उद्देश्य पृथ्वी की कक्षा में उन तकनीकों और सिस्टम्स का परीक्षण करना होगा, जिनका इस्तेमाल भविष्य में चंद्रमा पर उतरने के दौरान किया जाएगा। फिलहाल चंद्रमा पर लैंडिंग का लक्ष्य आर्टेमिस 4 मिशन को सौंपा गया है, जिसकी योजना 2028 के लिए बनाई गई है।

आर्टेमिस कार्यक्रम को पिछले कुछ वर्षों में कई तकनीकी चुनौतियों का सामना करना पड़ा है। आर्टेमिस 1 मिशन के दौरान ओरियन कैप्सूल के हीट शील्ड में अपेक्षा से अधिक नुकसान देखा गया था।

हीट शील्ड किसी भी अंतरिक्ष यान का बेहद महत्वपूर्ण हिस्सा होता है, जो पृथ्वी के वातावरण में दोबारा प्रवेश के समय उत्पन्न होने वाली अत्यधिक गर्मी से अंतरिक्ष यात्रियों की सुरक्षा करता है। NASA का मानना है कि चंद्रमा पर इंसानों को दोबारा भेजने से पहले सभी तकनीकों की अतिरिक्त जांच और परीक्षण जरूरी है। यही वजह है कि आर्टेमिस 3 को अब एक टेस्ट मिशन के रूप में तैयार किया जा रहा है।

जब 2019 में आर्टेमिस प्रोग्राम शुरू हुआ था, तो नासा का सबसे बड़ा नारा था कि वे चांद पर अगले आदमी और पहली महिला को उतारेंगे। लेकिन, आर्टेमिस 3 के लिए चुनी गई टीम में चारों सदस्य पुरुष हैं। इस फैसले के कारण सोशल मीडिया पर नासा की काफी आलोचना हो रही है।

विवाद इतना बढ़ गया कि नासा के प्रशासक जेरेड इसाकमैन को इंटरनेट पर सफाई देनी पड़ी कि इस चुनाव में कोई राजनीतिक दबाव नहीं था। हैरानी की बात यह है कि अब नासा की आधिकारिक आर्टेमिस वेबसाइट से पहली महिला को चांद पर भेजने का जिक्र हटा दिया गया है।

Logo