चांगझी, 23 मई
चीन के उत्तरी प्रांत शांक्सी में एक कोयला खदान में भीषण गैस विस्फोट हुआ, जिसमें कम से कम 82 लोगों की जान चली गई। सरकारी मीडिया के अनुसार यह हादसा शुक्रवार शाम चांगझी शहर स्थित लिउशेन्यू कोयला खदान में हुआ, जहां विस्फोट के समय बड़ी संख्या में मजदूर भूमिगत काम कर रहे थे।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार लगभग 247 मजदूर खदान में फंसे होने की आशंका जताई गई थी। हादसे के तुरंत बाद शनिवार सुबह एजेंसी ने आठ लोगों की मौत और 38 मजदूरों के फंसे होने की सूचना दी थी, लेकिन समय के साथ मृतकों की संख्या बढ़कर 82 हो गई।
हादसे के बाद राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया गया है। बचाव दल लगातार खदान के भीतर फंसे मजदूरों तक पहुंचने का प्रयास कर रहा है। अधिकारियों ने बताया कि विस्फोट के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह भयावह हादसा कैसे हुआ।