धर्मशाला, 18 जून
हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है और मानसून के आगमन से पहले ही राज्य के कई हिस्सों में बारिश और बर्फबारी का दौर जारी है। बुधवार को राजधानी शिमला में दोपहर बाद तेज बारिश दर्ज की गई, जबकि रोहतांग दर्रे और आसपास के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी हुई, जिससे पूरी पहाड़ियां सफेद चादर से ढक गईं और तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
राज्य के विभिन्न इलाकों में प्री-मानसून गतिविधियां लगातार जारी हैं। कोकसर, सिस्सू, बंजार और मनाली सहित कई क्षेत्रों में बारिश देखने को मिली, जबकि रघुपुर घाटी में तेज वर्षा दर्ज की गई। हालांकि हमीरपुर, ऊना, चंबा और कांगड़ा में दिनभर मौसम अपेक्षाकृत साफ बना रहा, जबकि मंडी में बादलों की आवाजाही बनी रही।
इस बीच मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने आने वाले दिनों के लिए चेतावनी जारी करते हुए चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में वीरवार और शुक्रवार को ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है। इन जिलों में तेज बारिश के साथ अंधड़, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। इसके अलावा कुछ क्षेत्रों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण 23 जून तक प्रदेश में मौसम के खराब बने रहने की संभावना है। इस दौरान मध्यम से भारी बारिश, तेज हवाएं और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की घटनाएं जारी रह सकती हैं, जिससे तापमान में और गिरावट आने के आसार हैं।
इसी बीच मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने अनुमान जताया है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून इस वर्ष 25 जून तक हिमाचल प्रदेश में दस्तक दे सकता है। यह सामान्य आगमन अवधि के करीब है और इसके प्रभाव से राज्य में अच्छी बारिश होने की उम्मीद जताई जा रही है। मानसून से पहले पिछले एक सप्ताह से प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार प्री-मानसून बारिश देखने को मिल रही है, जिससे मौसम सुहावना बना हुआ है लेकिन कई क्षेत्रों में सतर्कता भी बढ़ा दी गई है।