बठिंडा, 23 जून
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के बठिंडा दौरे के दौरान शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए, जब सोमवार रात मेला राम रोड स्थित एक होम्योपैथिक क्लिनिक पर पेट्रोल बम से हमला हुआ। यह घटना उस समय हुई जब मुख्यमंत्री अपने निर्धारित कार्यक्रमों के सिलसिले में पहले ही बठिंडा पहुंच चुके थे। गनीमत यह रही कि इस हमले में कोई हताहत नहीं हुआ, हालांकि क्लिनिक और आसपास की संपत्ति को नुकसान पहुंचा।
जानकारी के अनुसार यह क्लिनिक डॉ. तरसेम गर्ग के घर के बाहरी हिस्से में संचालित होता है। डॉ. गर्ग का परिवार हाल ही में आम आदमी पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुआ था। बताया जा रहा है कि हमलावरों द्वारा फेंका गया पेट्रोल बम क्लिनिक की खिड़की से टकराया, जिससे वहां आग लगने के निशान पड़ गए। घटना में प्रांगण में खड़ी एक स्कूटी और कुछ पौधे भी क्षतिग्रस्त हुए। क्लिनिक में मौजूद कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पाया और तुरंत डॉ. गर्ग को सूचना दी।
डॉ. गर्ग के अनुसार सीसीटीवी फुटेज में दो अज्ञात युवक क्लिनिक की ओर पेट्रोल बम फेंकते हुए दिखाई दिए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही डीआईजी हरजीत सिंह और एसएसपी ज्योति यादव सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने इलाके को घेरकर सर्च ऑपरेशन चलाया और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं, हालांकि जांच के हित में उनका खुलासा फिलहाल नहीं किया जा रहा है। इस घटना ने शहर के संवेदनशील इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस सतर्कता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं, खासकर ऐसे समय में जब मुख्यमंत्री स्वयं शहर में मौजूद थे।