Breaking News :

विवादित ऑडियो ने बढ़ाई मुश्किलें : SC आयोग के निशाने पर आए राजा वड़िंग

Punjab Congress Chief Amrinder Singh Raja Warring 1jpg 1776945366857
Published On: May 26, 2026

चंडीगढ़, 26 मई

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। उनके कथित विवादित बयान को लेकर पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग ने सख्त रुख अपनाते हुए उन्हें नोटिस जारी किया है। आयोग के अध्यक्ष जसवीर सिंह गढ़ी ने राजा वड़िंग के अलावा श्री मुक्तसर साहिब के एसएसपी को भी 29 मई को जवाब सहित पेश होने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आयोग ने वड़िंग के वॉयस सैंपल की जांच कराने के आदेश भी दिए हैं।

मामले ने उस समय तूल पकड़ा जब पंजाब सरकार की कैबिनेट मंत्री डा. बलजीत काैर ने संबंधित ऑडियो क्लिप आयोग को भेजी। ऑडियो में कथित तौर पर लोगों की तुलना भेड़ों से किए जाने की बात कही गई है। इस पर आयोग ने स्वत: संज्ञान लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी।

हालांकि, राजा वड़िंग ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि यह उनके खिलाफ राजनीतिक साजिश है और उन्हें बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। वड़िंग ने आरोप लगाया कि लगभग सात साल पहले भी इसी तरह की एक फर्जी ऑडियो क्लिप फैलाई गई थी और अब उसी तरीके का इस्तेमाल कर उन्हें निशाना बनाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि एक बच्चा भी पहचान सकता है कि वायरल ऑडियो में आवाज उनकी नहीं है। वड़िंग ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार राजनीतिक बदले की भावना से संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने इसे “हताशा की राजनीति” करार देते हुए कहा कि इस मनगढ़ंत कंटेंट को फैलाने और इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद पंजाब की राजनीति में एक बार फिर माहौल गर्मा गया है और अब सभी की नजरें 29 मई को आयोग के सामने होने वाली पेशी पर टिकी हैं।

Logo