नई दिल्ली, 9 जुलाई
देशभर में मानसून ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है। जम्मू-कश्मीर से लेकर केरल और महाराष्ट्र तक भारी बारिश, बाढ़, भूस्खलन और अन्य प्राकृतिक घटनाओं ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। कई राज्यों में बड़े हादसे सामने आए हैं, जबकि मौसम विभाग ने देश के आधे से अधिक हिस्सों के लिए भारी बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की है।
महाराष्ट्र के पुणे जिले के पिंपरी-चिंचवड़ क्षेत्र में गुरुवार को बड़ा हादसा उस समय हुआ जब मोशी इलाके में कचरे का विशाल पहाड़ खिसककर तीन मंजिला इमारत पर जा गिरा। इस दुर्घटना में 17 लोग मलबे में दब गए। पिंपरी-चिंचवड़ नगर निगम (पीसीएमसी) के आयुक्त विजय सूर्यवंशी ने बताया कि इमारत का उपयोग एक निजी कंपनी के प्रशासनिक कार्यालय के रूप में किया जा रहा था। अब तक आठ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि शेष लोगों को निकालने के लिए राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है।
उधर, हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले की गड़सा घाटी में बादल फटने से अचानक आई बाढ़ ने भारी नुकसान पहुंचाया। तेज बहाव में एक पुलिया बह गई, जिससे कई गांवों का संपर्क टूट गया है। प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों में हालात का जायजा लेने और राहत कार्य में जुटा हुआ है।
केरल के वायनाड जिले में कल्लाडी-अनाक्कमपोयिल सुरंग निर्माण स्थल पर हुए भीषण भूस्खलन में मृतकों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। मलबे से दो और शव बरामद किए गए हैं। इस हादसे की चपेट में कुल 18 लोग आए थे, जिनमें से नौ लोगों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, अभी भी कम से कम चार लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है और उनकी तलाश जारी है।
भारी बारिश के कारण राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और मुंबई में कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है। सड़कों पर पानी भरने से लोगों को लंबे ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ रहा है। जम्मू-कश्मीर के कटड़ा में माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर भूस्खलन होने के कारण यात्रा अस्थायी रूप से रोकनी पड़ी है। वहीं पूर्वोत्तर के कई राज्यों में भी बाढ़ और भूस्खलन से हालात गंभीर बने हुए हैं। जलभराव और क्षतिग्रस्त सड़कों के कारण लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही है।
भारतीय मौसम विभाग ने देश के विभिन्न हिस्सों में भारी वर्षा को देखते हुए रेड, ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है। कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, असम, मेघालय और सिक्किम के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है, जहां पिछले 24 घंटों के दौरान 21 सेंटीमीटर से अधिक वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा गुजरात, बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और कर्नाटक के तटीय क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि कई अन्य इलाकों में यलो अलर्ट लागू है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में तेज आंधी के साथ बारिश की भी संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश जारी रह सकती है। हालांकि गुरुवार के बाद देश के कुछ हिस्सों में वर्षा की तीव्रता में हल्की कमी आने के संकेत हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान कई राज्यों में तेज आंधी, तूफान और बिजली गिरने की घटनाएं भी दर्ज की गई हैं। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने, मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने और अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है।