नई दिल्ली, 18 जुलाई
देशभर में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शनिवार को 15 राज्यों के लिए भारी बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में कई क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।
आईएमडी के मुताबिक उत्तर प्रदेश और बिहार समेत कई राज्यों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। विभाग ने चेतावनी दी है कि तेज हवाओं के कारण पेड़, बिजली के खंभे और खड़ी फसलें क्षतिग्रस्त हो सकती हैं, जबकि कई इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा बना रहेगा।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान घरों के भीतर रहें और पेड़ों के नीचे शरण लेने से बचें। साथ ही बिजली आपूर्ति और यातायात सेवाओं में संभावित बाधाओं को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह भी दी गई है।
दिल्ली-एनसीआर में भी मौसम लगातार करवट बदल रहा है। कभी तेज धूप और उमस लोगों को परेशान कर रही है तो कभी अचानक बारिश और तेज हवाओं से राहत मिल रही है। आईएमडी ने 18 जुलाई के लिए दिल्ली-एनसीआर में बारिश, गरज-चमक, आकाशीय बिजली और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं 19 जुलाई को गर्मी और उमस को लेकर भी येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के सात दिन के पूर्वानुमान के अनुसार 18 जुलाई को दिल्ली में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। दिन में गर्मी और उमस बनी रहेगी, लेकिन दोपहर बाद हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं के कारण मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। 19 जुलाई को भी अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस दिन भी बारिश की संभावना बनी रहेगी, हालांकि उमस लोगों को परेशान कर सकती है।
मौसम विभाग ने राहत की बात भी कही है। 20 से 23 जुलाई के बीच दिल्ली-एनसीआर के लिए किसी विशेष चेतावनी की घोषणा नहीं की गई है। अनुमान है कि इस दौरान अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे रहेगा, जिससे हाल के दिनों की भीषण गर्मी और उमस से लोगों को कुछ राहत मिल सकती है। हालांकि बीच-बीच में बारिश और तेज हवाओं के कारण मौसम तेजी से बदल सकता है।
उधर, हिमाचल प्रदेश में भी मौसम को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। शिमला स्थित मौसम केंद्र ने 19 से 23 जुलाई के बीच कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून के साथ एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से राज्य के अधिकांश हिस्सों में व्यापक वर्षा होने की संभावना है।
शनिवार के लिए मंडी, कांगड़ा, कुल्लू, शिमला और सिरमौर जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं जम्मू-कश्मीर के लिए भी मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए अगले कुछ दिनों में भारी बारिश, अचानक बाढ़, भूस्खलन और निचले इलाकों में जलभराव की आशंका जताई है। विभाग ने विशेष रूप से शनिवार रात, रविवार सुबह और 20 से 22 जुलाई के बीच लोगों से अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की है, क्योंकि इस दौरान मौसम के हालात काफी खराब रह सकते हैं।