चंडीगढ़, 04 जून
पंजाब में एक बार फिर से बम धमाकों को लेकर खतरे की सूचना मिलते ही प्रशासन सतर्क हो गया है। इस बार धमकी भरा ईमेल दुर्गियाना मंदिर समेत कई बड़े धार्मिक स्थलों को निशाना बनाने की चेतावनी के साथ आया है। इसके अलावा, राज्य सचिवालय को भी उड़ाने की धमकी दी गई है।
पटियाला के ऐतिहासिक श्री काली माता मंदिर को ईमेल के जरिए बम धमाके की चेतावनी मिलने के बाद पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। ऑपरेशन ब्लू स्टार की बरसी से ठीक पहले आई इस धमकी ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंताएं बढ़ा दी हैं। डीएसपी संजीव सिंगला ने बताया कि मंदिर परिसर की सुरक्षा के लिए प्राइवेट सिक्योरिटी के अलावा करीब 40 पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है और सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह मजबूत कर दी गई है।
प्रसिद्ध दुर्गियाना मंदिर को निशाना बनाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरी सतर्कता के साथ हर गतिविधि पर नजर रख रही हैं। मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। दर्शनार्थियों की सघन जांच की जा रही है और प्रवेश के दौरान सुरक्षा घेरा बढ़ा दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, धमकी भरे पत्र में अमृतसर के दुर्गियाना मंदिर के अलावा पंजाब और अन्य राज्यों के कुछ प्रमुख हिंदू धार्मिक स्थलों को निशाना बनाने की बात कही गई है। पत्र में 6 जून 1984 से जुड़े घटनाक्रम का उल्लेख करते हुए कई धार्मिक स्थलों को नुकसान पहुंचाने की चेतावनी दी गई है। इसके बाद प्रशासन ने तुरंत सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
मंदिरों में प्रवेश करने वाले सभी लोगों की तलाशी ली जा रही है और पुलिस, खुफिया एजेंसियों और सुरक्षा बलों के अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं। मंदिर के आसपास सुरक्षा घेरा भी बढ़ा दिया गया है।
इस संबंध में दुर्गियाना मंदिर एवं बड़ा हनुमान मंदिर समिति के अध्यक्ष डॉ. राकेश शर्मा ने बताया कि मंदिर प्रबंधन को सीधे तौर पर कोई धमकी भरा ईमेल, फोन कॉल या पत्र प्राप्त नहीं हुआ है। उन्हें इस संबंध में जानकारी मीडिया और प्रशासनिक सूत्रों के माध्यम से मिली। उन्होंने कहा कि कुछ शरारती तत्व समाज में भय और तनाव फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं से अफवाहों पर ध्यान न देने और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की कमी नहीं रहने दी जाएगी।