Breaking News :

जुलाई में बॉक्स ऑफिस पर होगा बड़ा मुकाबला, एक के बाद एक रिलीज होंगी कई बड़ी फिल्में

Whatsapp Image 2026 07 01 At 2.08.07 Pm
Published On: July 1, 2026

मुंबई, 1 जुलाई

जुलाई का महीना सिर्फ मानसून की बारिश ही नहीं, बल्कि सिनेमाघरों में फिल्मों की झड़ी भी लेकर आ रहा है। बॉलीवुड से लेकर साउथ सिनेमा तक कई बड़े सितारों की बहुप्रतीक्षित फिल्में इस महीने रिलीज होने जा रही हैं। एक्शन, कॉमेडी, थ्रिलर, ड्रामा और पौराणिक कथाओं पर आधारित फिल्मों की लंबी कतार दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार है।

महीने की शुरुआत 3 जुलाई को कई फिल्मों की रिलीज के साथ होगी। आलिया भट्ट और शरवरी वाघ अभिनीत स्पाई एक्शन ड्रामा ‘अल्फा’ सिनेमाघरों में दस्तक देगी। शिव रावल के निर्देशन में बनी इस फिल्म में बॉबी देओल और अनिल कपूर भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। इसी दिन हुमा कुरैशी की फिल्म ‘बेबी डू डाई डू’ भी रिलीज होगी, जिसमें वह एक महिला सीरियल किलर के अनोखे किरदार में दिखाई देंगी। फिल्म का निर्देशन नचिकेत सामंत ने किया है।

कॉमेडी पसंद करने वाले दर्शकों के लिए 10 जुलाई को अजय देवगन अभिनीत ‘धमाल 4’ रिलीज होगी। इंद्र कुमार के निर्देशन में बनी इस लोकप्रिय फ्रेंचाइजी की नई कड़ी से दर्शकों को भरपूर मनोरंजन की उम्मीद है। इसी दिन मेगास्टार चिरंजीवी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘विश्वम्भरा’ भी सिनेमाघरों में आएगी। मल्लीदी वशिष्ठ के निर्देशन में बनी इस फिल्म में तृषा कृष्णन, कुणाल कपूर और आशिका रंगनाथ भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं। वहीं अखिल अक्किनेनी और भाग्यश्री बोर्से की तेलुगु एक्शन फिल्म ‘लेनिन’ भी 10 जुलाई को रिलीज होगी, जिसका निर्देशन मुरली किशोर अब्बुरु ने किया है।

24 जुलाई को श्रेयस तलपदे और काजल अग्रवाल अभिनीत ‘द इंडिया स्टोरी’ दर्शकों के बीच पहुंचेगी। चेतन डीके के निर्देशन में बनी यह फिल्म एक अलग विषय पर आधारित है। इसी दिन ‘उत्तर दा पुतर’ और ‘तेरा यार हूं मैं’ जैसी फिल्में भी सिनेमाघरों में रिलीज होकर दर्शकों के सामने अपनी कहानी पेश करेंगी।

साउथ सिनेमा की बात करें तो 3 जुलाई को रिलीज होने वाली ‘नागबंधम’ को लेकर भी काफी उत्साह है। विराट कर्णा और नाभा नतेश अभिनीत यह माइथोलॉजिकल एक्शन एडवेंचर फिल्म अभिषेक नामा के निर्देशन में बनी है और इसे तेलुगु, तमिल, हिंदी सहित कई भाषाओं में रिलीज किया जाएगा। इसी दिन वेंकटेश महा के निर्देशन में बनी तेलुगु साइकोलॉजिकल ड्रामा ‘राव बहादुर’ भी सिनेमाघरों में पहुंचेगी, जिसमें सत्यदेव मुख्य भूमिका निभा रहे हैं।

कुल मिलाकर जुलाई का महीना फिल्म प्रेमियों के लिए बेहद खास रहने वाला है। अलग-अलग विषयों और शैलियों की कई बड़ी फिल्मों की रिलीज के चलते बॉक्स ऑफिस पर कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है, जबकि दर्शकों को मनोरंजन के भरपूर विकल्प भी मिलेंगे।

Logo