मुंबई, 17 जुलाई
हाल ही में अभिनेता अर्जुन बिजलानी और अभिनेत्री मौनी रॉय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें दोनों डिनर के बाद साथ बाहर निकलते नजर आए। वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर दोनों के रिश्ते को लेकर डेटिंग की अटकलें शुरू हो गईं। इन अफवाहों ने इतना जोर पकड़ा कि आखिरकार अर्जुन बिजलानी को खुद सामने आकर सफाई देनी पड़ी।
अर्जुन बिजलानी ने इन चर्चाओं के लिए एक पैपराजी पेज के भ्रामक कैप्शन को जिम्मेदार ठहराते हुए नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि सिर्फ सनसनीखेज हेडलाइन और ज्यादा व्यूज हासिल करने के लिए 15 साल पुरानी दोस्ती को गलत तरीके से पेश किया गया। अर्जुन ने स्पष्ट किया कि हर बार किसी पुरुष और महिला को साथ देखकर उनके रिश्ते को प्रेम संबंध का नाम देना सही नहीं है।
उन्होंने अपने बयान में लिखा, “प्रिय क्लिकबेट पेजेज, दो लोग जो 15 साल से दोस्त हैं, वे अचानक कपल नहीं बन जाते सिर्फ इसलिए कि किसी गॉसिप पेज को हेडलाइन चाहिए। कई बार लोग सिर्फ इसलिए एक-दूसरे के साथ खड़े होते हैं क्योंकि उनका दोस्त मुश्किल दौर से गुजर रहा होता है। हर दोस्ती को रोमांटिक एंगल देना जरूरी नहीं है, सिर्फ व्यूज के लिए।”
अर्जुन ने आगे कहा कि किसी भी खबर को प्रकाशित करने से पहले तथ्यों की जांच करना बेहद जरूरी है। उन्होंने मीडिया और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जिम्मेदार पत्रकारिता की अपील करते हुए कहा कि बिना पुष्टि के खबरें लोगों की निजी जिंदगी में बेवजह दखल देती हैं और भ्रम पैदा करती हैं। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार पत्रकारिता भरोसा कायम करती है, जबकि क्लिकबेट केवल गलतफहमियां फैलाता है।
गौरतलब है कि अर्जुन बिजलानी और मौनी रॉय पिछले करीब 15 वर्षों से एक-दूसरे के अच्छे दोस्त हैं। दोनों ने लोकप्रिय टीवी शो ‘नागिन’ में साथ काम किया था, जिसके बाद उनकी ऑनस्क्रीन जोड़ी को दर्शकों ने खूब पसंद किया। दोनों कई मौकों पर अपनी गहरी दोस्ती का जिक्र भी कर चुके हैं, लेकिन हालिया वायरल वीडियो के बाद फैली डेटिंग की अफवाहों को अर्जुन ने पूरी तरह निराधार बताया है।