Breaking News :

पंजाब की लाखों महिलाओं को मिला बड़ा तोहफा, खातों में पहुंची सम्मान राशि की पहली किस्त

C6
Published On: July 1, 2026

चंडीगढ़, 1 जुलाई

पंजाब सरकार ने मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना के तहत राज्य की लाखों महिलाओं को बड़ी सौगात देते हुए सम्मान राशि की पहली किस्त जारी कर दी। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने धुरी से योजना का औपचारिक शुभारंभ किया और वेब लिंक लॉन्च करते हुए लाभार्थियों के बैंक खातों में राशि ट्रांसफर की।

सरकार के अनुसार योजना के तहत पंजीकरण करा चुकी करीब 50 लाख महिलाओं के खातों में 1100 करोड़ रुपये की राशि सीधे भेजी गई है। तीन महीने की सम्मान राशि एक साथ लाभार्थियों के बैंक खातों में जमा की गई। मुख्यमंत्री ने बताया कि राशि ट्रांसफर होते ही लाभार्थियों के मोबाइल फोन पर बैंक की ओर से संदेश भी पहुंच गया। उन्होंने दावा किया कि राज्य की लगभग 97 प्रतिशत महिलाएं इस योजना का लाभ प्राप्त करेंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जो महिलाएं अभी तक योजना में पंजीकरण नहीं करा सकी हैं, उन्हें भी बाद में रजिस्ट्रेशन कराने पर इस योजना का पूरा लाभ मिलेगा। सरकार पात्र महिलाओं को योजना से जोड़ने के लिए लगातार अभियान चला रही है।

योजना के तहत सामान्य वर्ग और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) की महिलाओं को एक हजार रुपये प्रतिमाह के हिसाब से तीन महीने के 3000 रुपये प्रदान किए गए हैं। वहीं अनुसूचित जाति वर्ग की महिलाओं के खातों में 1500 रुपये प्रतिमाह की दर से तीन महीने के 4500 रुपये ट्रांसफर किए गए हैं। सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्राप्त करने वाली पात्र महिलाओं को भी इस योजना का लाभ दिया जा रहा है।

सरकार के मुताबिक 18 वर्ष या उससे अधिक आयु की पंजाब की स्थायी निवासी और पंजीकृत मतदाता महिलाएं इस योजना के लिए पात्र हैं। लाभ प्राप्त करने के लिए बैंक खाते का आधार से लिंक होना अनिवार्य है। कई जिलों में अभी भी बैंक खाते खुलवाने और आधार लिंक कराने की प्रक्रिया जारी है। मुख्यमंत्री ने पात्र महिलाओं से जल्द पंजीकरण कराने और बैंक संबंधी सभी औपचारिकताएं पूरी करने की अपील की ताकि उन्हें योजना का लाभ समय पर मिल सके।

सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि सरकारी कर्मचारी, सरकारी पेंशनभोगी तथा आयकरदाता परिवारों की महिलाओं को इस योजना के दायरे से बाहर रखा गया है।

Logo