Breaking News :

मुकुंदपुर में जोरदार धमाका : पलभर में मलबे में तब्दील हुई इमारत, कई लोग घायल

नीले ड्रम का खौफनाक राज: ओवरब्रिज के नीचे मिली युवती की लाश, हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस

पटियाला, मई 27

पंजाब के पटियाला में सोमवार शाम उस समय सनसनी फैल गई जब राजपुरा–सरहिंद रोड पर स्थित पटियाला लोकोमोटिव वर्क्स क्षेत्र के पास ओवरब्रिज के नीचे एक नीले रंग के ड्रम से युवती का शव बरामद हुआ। घटना सामने आते ही इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने हत्या की आशंका को देखते हुए मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार ड्रम को कूड़े के ढेर के पास फेंका गया था। एक राहगीर को ड्रम से तेज बदबू आने लगी। जब उसने पास जाकर देखा तो ड्रम के भीतर से मानव हाथ दिखाई दिया। इसके बाद उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ड्रम को खोलकर शव को बाहर निकाला।

पुलिस के मुताबिक मृतका की उम्र लगभग 16 से 20 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है। प्रारंभिक जांच में युवती के हाथ पर टैटू बना हुआ मिला है। पुलिस को आशंका है कि मृतका किसी प्रवासी मजदूर परिवार से संबंधित हो सकती है। शव के चेहरे पर चोट के निशान और नीले दाग भी पाए गए हैं, जिससे मामला हत्या का माना जा रहा है।

घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि ड्रम को वहां कौन और कब छोड़कर गया। पुलिस युवती की पहचान करने और घटना से जुड़े संदिग्धों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

इस सनसनीखेज वारदात ने पिछले वर्ष चर्चित “ब्लू ड्रम मर्डर केस” की यादें भी ताजा कर दी हैं, जिसमें एक मर्चेंट नेवी अधिकारी की हत्या के बाद शव को ड्रम में छिपाने का मामला सामने आया था। फिलहाल पटियाला पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी हुई है और हत्या के पीछे की वजह तथा आरोपियों तक पहुंचने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है।

Logo