पंजाब भाजपा में बड़ा उलटफेर! आखिर किसे मिली कमान, 2027 को लेकर कर दिया बड़ा दावा
चंडीगढ़, 28 मई
पंजाब भाजपा में लंबे समय से चल रही चर्चाओं के बीच आखिरकार नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम का ऐलान कर दिया गया है। भाजपा हाईकमान ने केवल सिंह ढिल्लों को पंजाब भाजपा का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। वे अब सुनील जाखड़ की जगह संगठन की कमान संभालेंगे। नियुक्ति के बाद ढिल्लों ने साफ संकेत दे दिए कि उनका पूरा फोकस अब 2027 विधानसभा चुनाव पर रहेगा और पार्टी पंजाब में बड़ी राजनीतिक लड़ाई की तैयारी कर रही है।
नए अध्यक्ष केवल ढिल्लों ने कहा कि पंजाब में भाजपा को मजबूत करने के लिए सभी वर्गों, जातियों और समुदायों को साथ लेकर चला जाएगा। उन्होंने दावा किया कि जो लोग भाजपा को पंजाब में कमजोर मान रहे हैं, वे 2027 के चुनाव परिणाम देखकर हैरान रह जाएंगे। ढिल्लों ने कहा कि भाजपा सिर्फ एक-दो सीटों तक सीमित रहने वाली पार्टी नहीं है, बल्कि आने वाले समय में पंजाब की सत्ता तक पहुंचने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही है।
उन्होंने आम आदमी पार्टी सरकार पर भी तीखा हमला बोला। ढिल्लों ने कहा कि सरकार को बने साढ़े चार साल होने वाले हैं, लेकिन जनता से किए गए बड़े वादे अब तक पूरे नहीं किए गए। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता बदलाव चाहती है और भाजपा इसी उम्मीद के साथ लोगों के बीच जाएगी। ढिल्लों ने यह भी कहा कि बंगाल के बाद अब पंजाब में भी भाजपा तेजी से अपना आधार मजबूत करेगी।
राजनीतिक तौर पर केवल ढिल्लों का सफर काफी दिलचस्प रहा है। वे बरनाला से दो बार कांग्रेस के विधायक रह चुके हैं और वर्ष 2022 में भाजपा में शामिल हुए थे। मालवा क्षेत्र में वे एक मजबूत जट्ट सिख चेहरे के रूप में पहचाने जाते हैं। सूत्रों के मुताबिक उनके नाम को आगे बढ़ाने में पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की अहम भूमिका रही।
भाजपा में शामिल होने के बाद ढिल्लों ने पार्टी की टिकट पर संगरूर लोकसभा उपचुनाव और बरनाला विधानसभा उपचुनाव भी लड़ा। अब प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद उनकी सबसे बड़ी चुनौती पंजाब में भाजपा को नई राजनीतिक ताकत के रूप में स्थापित करना होगी।







