अब UPI से निकाल सकेंगे PF के पैसे, जानें कब से शुरू होगी सुविधा
नई दिल्ली , मई 20
नौकरी करने वाले लोगों को जितना इंतजार अपनी सैलरी का रहता है, उतनी ही चिंता उन्हें अपने पीएफ खाते की भी रहती है कि कंपनी समय पर पीएफ के पैसे जमा कर रही है या नहीं? हमारे पीएफ खाते में कितने पैसे जमा हुए हैं?
इसी क्रम में अगर आप भी पीएफ खाताधारक हैं तो आपके लिए यूपीआई के जरिए पीएफ के पैसे निकालने को लेकर एक अच्छी खबर सरकार की तरफ से सामने आई है। यूपीआई के जरिए पैसे निकालने वाले सुविधा की टेस्टिंग पूरी हो चुकी है। चलिए जानते हैं पीएफ के पैसे कब से यूपीआई के जरिए निकाले जा सकेंगे।
केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मांडविया ने जानकारी दी कि यूपीआई पेमेंट गेटवे के जरिए कर्मचारी भविष्य निधि यानी ईपीएफ से पैसे निकालने की टेस्टिंग का काम पूरा हो चुका है। उन्होंने ये भी कहा कि टेस्टिंग का काम पूरा कर लिया गया है और इस सुविधा के जरिए पीएफ से निकाले गए पैसे सीधे सदस्यों के बैंक अकाउंट में ट्रांसफर कर दिए जाएंगे। जैसा कि सरकार की तरफ से जानकारी दी गई है कि टेस्टिंग का काम पूरा कर लिया गया है।
ऐसे में माना जा रहा है कि अगर सबकुछ सही रहता है तो एक महीने के भीतर ये सुविधा शुरू हो सकती है।
माना जा रहा है कि इसमें ईपीएफओ के आधिकारिक पोर्टल या एप पर पहले लॉगिन करना होगा। फिर यहां पर आपको दो बैलेंस दिखेंगे जिसमें एक बैलेंस होगा जिसे आप निकाल सकेंगे और दूसरा बैलेंस होगा जिसे नहीं निकाल जा सकेगा। फिर आपको जितना पैसा निकालना है वो अमाउंट भरना होगा और अपनी यूपीआई आईडी का वेरिफाई करवाना होगा।
वेरिफिकेशन होने के बाद आपके बैंक अकाउंट में पीएफ के पैसे आ जाएंगे।
यूपीआई से पैसे निकालने वाली सुविधा आने के बाद माना जा रहा है कि एक साथ आप पीएफ खाते में जमा पूरे पैसे तो नहीं निकाल पाएंगे
पर पीए खाते में कुल जमा राशि का 75 प्रतिशत पैसा आप यूपीआई के जरिए निकाल सकेंगे और 25 प्रतिशत राशि को पीएफ खाते में रखना होगा
हालांकि, माना जा रहा है कि आगे चलकर ये लिमिट बढ़ाई जा सकती हैं।







