NEET पेपर लीक का मास्टरमाइंड कौन? CBI की बड़ी कार्रवाई में कोचिंग संचालक गिरफ्तार, मोबाइल में मिला लीक पेपर
नई दिल्ली/लातूर, 18 मई :
नीट यूजी 2026 पेपर लीक मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र के लातूर से एक कोचिंग संचालक को गिरफ्तार किया है। इस गिरफ्तारी के साथ ही मामले में अब तक कुल 10 लोगों को पकड़ा जा चुका है। जांच एजेंसी का दावा है कि गिरफ्तार आरोपी संगठित पेपर लीक नेटवर्क का अहम हिस्सा था और परीक्षा से पहले ही प्रश्नपत्र व उत्तर हासिल कर चुका था।
सीबीआई अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिवराज रघुनाथ मोटेगांवकर के रूप में हुई है, जो लातूर में “रेणुकाई केमिस्ट्री क्लासेस (RCC)” नाम से कोचिंग संस्थान चलाता है। रविवार को एजेंसी ने आरोपी के ठिकानों पर छापेमारी की थी। तलाशी के दौरान उसके मोबाइल फोन से कथित तौर पर नीट यूजी परीक्षा का लीक प्रश्नपत्र बरामद हुआ। इसके बाद एजेंसी ने तुरंत उसे हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
जांच एजेंसी के मुताबिक, शिवराज मोटेगांवकर उस गिरोह का सक्रिय सदस्य था जो नीट यूजी 2026 परीक्षा का पेपर लीक करने और उसे अलग-अलग लोगों तक पहुंचाने में शामिल था। सीबीआई का कहना है कि आरोपी ने अन्य साथियों के साथ मिलकर 23 अप्रैल 2026 को ही प्रश्नपत्र और उसके उत्तर हासिल कर लिए थे। इसके बाद पेपर को कई उम्मीदवारों और अन्य लोगों तक पहुंचाया गया।
सीबीआई अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है। एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि प्रश्नपत्र कहां से लीक हुआ, इसमें कितने लोग शामिल थे और किन-किन राज्यों तक इसका नेटवर्क फैला हुआ था। सूत्रों के अनुसार आने वाले दिनों में इस मामले में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
अब तक इस मामले में शिवराज रघुनाथ मोटेगांवकर समेत कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें मनीषा गुरुनाथ मांधरे, प्रो. पी.वी. कुलकर्णी, मांगीलाल बीवाल, विकास बीवाल, दिनेश बीवाल, यश यादव, शुभम खैरनार, मनीषा वाघमारे और धनंजय लोखंडे के नाम शामिल हैं।
नीट यूजी पेपर लीक मामले ने देशभर में छात्रों और अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है। लाखों विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़े इस मामले में लगातार हो रही गिरफ्तारियों ने परीक्षा प्रणाली की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं सीबीआई का कहना है कि पूरे रैकेट का पर्दाफाश होने तक जांच जारी रहेगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।







