Breaking News :

मुकुंदपुर में जोरदार धमाका : पलभर में मलबे में तब्दील हुई इमारत, कई लोग घायल

दिलजीत की ‘मैं वापस आऊंगा’ का ट्रेलर देख भावुक हुए फैंस

इश्क, दर्द और अधूरी मोहब्बत की कहानी !

मुंबई, मई 19

इम्तियाज अली एक बार फिर प्यार और दर्द से भरी ऐसी कहानी लेकर लौटे हैं, जिसने रिलीज होते ही लोगों के दिलों को छू लिया है। उनकी नई फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ का ट्रेलर जारी कर दिया गया है और इसमें इश्क, तड़प और अधूरी मोहब्बत की ऐसी झलक देखने को मिलती है, जो दर्शकों को भावुक कर देती है। ट्रेलर में जब दिलजीत दोसांझ का किरदार यह कहता है कि “मैं वापस आऊंगा”, तभी यह एहसास हो जाता है कि फिल्म सिर्फ एक प्रेम कहानी नहीं, बल्कि टूटे दिलों की दास्तां बनने वाली है।

फिल्म की शुरुआत नसीरुद्दीन शाह और दिलजीत दोसांझ के किरदारों से होती है। नसीरुद्दीन शाह का किरदार अपनी जिंदगी के आखिरी पड़ाव पर दिखाई देता है। वह अपने दिल की बात कहना चाहता है, लेकिन उसकी तड़प और दर्द को कोई समझ नहीं पाता। आखिर में दिलजीत का किरदार उनकी इस अधूरी कहानी को पूरा करने की जिम्मेदारी उठाता है। इसके बाद कहानी फ्लैशबैक में चली जाती है, जहां वेदांग रैना और शरवरी की प्रेम कहानी सामने आती है।

ट्रेलर में दोनों के बीच गहरी मोहब्बत दिखाई गई है, लेकिन इस प्यार का अंत बेहद दर्दनाक नजर आता है। कहानी में कई ऐसे भावुक पल हैं, जो दर्शकों को अंदर तक झकझोर देते हैं। सबसे बड़ा रहस्य यही बना हुआ है कि दिलजीत दोसांझ, नसीरुद्दीन शाह, वेदांग रैना और शरवरी के किरदार आखिर एक-दूसरे से कैसे जुड़े हुए हैं। इस सवाल का जवाब फिल्म रिलीज होने के बाद ही सामने आएगा।

इम्तियाज अली के निर्देशन में बनी यह फिल्म अगले महीने 12 जून 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म का संगीत एआर रहमान ने तैयार किया है, जबकि गीत इरशाद कामिल ने लिखे हैं। ट्रेलर में भी एआर रहमान के संगीत का जादू साफ महसूस होता है, जिसने फिल्म के भावनात्मक माहौल को और गहरा बना दिया है।

Logo