सूरत, 30 जून
अहमदाबाद से नवी मुंबई जा रही इंडिगो की एक उड़ान में सोमवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब यात्रा के दौरान एक तीन वर्षीय बच्चे की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया। बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) से संपर्क किया, जिसके बाद विमान का मार्ग बदलकर सूरत हवाई अड्डे पर आपात स्थिति में उतारा गया।
अधिकारियों के अनुसार, अहमदाबाद से उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद बच्चे की तबीयत अचानक खराब हो गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पायलट ने बिना देर किए आपात लैंडिंग का निर्णय लिया। सूचना मिलते ही सूरत हवाई अड्डे पर मेडिकल टीम, सीआईएसएफ के जवान और इंडिगो का ग्राउंड स्टाफ पूरी तैयारी के साथ तैनात कर दिया गया।
विमान के सूरत पहुंचते ही मेडिकल टीम तुरंत विमान में पहुंची और बच्चे को प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद उसे बेहतर इलाज के लिए एक निजी अस्पताल भेजा गया। अधिकारियों ने बताया कि बच्चे को अस्पताल पहुंचाने के बाद उड़ान से जुड़ी आवश्यक तकनीकी और परिचालन औपचारिकताएं पूरी की गईं। सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद विमान को नवी मुंबई के लिए रवाना कर दिया गया। फिलहाल बच्चे की स्वास्थ्य स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।